संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश आरक्षी नागरिक पुलिस और पीएसी के पदों पर सीधी भर्ती के अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा 18 और 19 जून को आठ केंद्रों पर दो-दो पालियों में होगी। प्रथम पॉली में सुबह दस बजे से 12:05 बजे तक और द्वितीय पाली में शाम तीन बजे 5:05 बजे तक परीक्षा होगी।
दोनों दिन कुल 19296 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। नकल विहीन और शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गई है। एएसपी असित श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस भर्ती के पुरुष अभ्यर्थी जूता मोजा पहन कर परीक्षा में नहीं आएंगे। जबकि महिला अभ्यर्थी हाई हिल की सैंडिल और आभूषण पहन की नहीं आएगी।
हर कमरे में सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था है। प्रत्येक कमरे में 24 के ग्रुप में परीक्षार्थी बैठेंगे और सभी को अलग-अलग तरह का प्रश्न बुकलेट मिलेगा। प्रत्येक कॉलेज में कंट्रोल रूम बनाया गया है। इस बार अभ्यर्थियों की हाजिरी बायोमेट्रिक सिस्टम से होगी। एलआईयू के पुलिस कर्मी भी सतर्कता बरत रहे हैं।
जिले में गंगा देवी कपिलदेव तिवारी महाविद्यालय भुजैनी, प्रभा देवी महाविद्यालय खलीलाबाद, सरदार पटेल डिग्री कॉलेज कोपिया, ब्लूमिंग बड़स एकेडमी, जीआर एकेडमी, एचआरपीजी कॉलेज, संतकबीरनगर आचार्य राम विलास इंटर कॉलेज और सूर्या इंटर नेशनल एकेडमी खलीलाबाद को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। आठों परीक्षा केंद्रों पर हर पाली में 4824 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
सभी केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है। सुरक्षा के मद्देनजर सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस कर्मियों की भी ड्यूटी लगी है। रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन पर भी सुरक्षा के मद्देनजर चौकसी रखी जाएगी। नकल विहीन परीक्षा कराए जाने की पूरी तैयारी कर ली गई है।