प्रेमी युगल की तलाश में रात भर भटकती पुलिस पुलिस
सायरन की आवाज सुनकर तरह-तरह के कयास लगाते रहे ग्रामीण
पुलिस के दबाव की वजह से थाने पहुंचा प्रेमी
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। महुली क्षेत्र के एक गांव में प्रेमी युगल की तलाश में रविवार रात पुलिस भटकती रही। सायरन की आवाज सुनकर ग्रामीण तरह-तरह के कयास लगाते रहे। पुलिस के दबाव से प्रेमी युवक सोमवार को खुद थाने पहुंच गया।
गोरखपुर जिले के एक गांव की रहने वाली युवती के परिजन रविवार शाम को महुली पुलिस से संपर्क किया। परिजनों ने शिकायत की कि उसकी बेटी महुली क्षेत्र के एक गांव में प्रेमी के घर चली गई है। इसके बाद पुलिस सक्रिय हो गई। रात में चार बार पुलिस सायरन बजाते हुए आरोपी के गांव पहुंची। पुलिस ने दोनों की तलाश की, लेकिन नहीं मिले।
रात में सायरन की आवाज सुनकर ग्रामीण की नींद टूट गई। घरों की खिड़कियों से ताकझांक कर मामला समझने का प्रयास किया। कुछ ग्रामीण को अंदेशा हुआ कि शायद विद्युत निगम की बिजलेंस टीम गांव में छापा मारने आई है। कुछ ग्रामीण किसी अनहोनी को लेकर पुलिस सक्रियता से भयभीत थे।
पुलिस के बढ़ते दबाव से सोमवार को प्रेमी युवक महुली थाने पहुंच गया। पुलिस पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटा रही है। इस मामले में युवती के परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। एसओ रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि गोरखपुर जिले की युवती के थाना क्षेत्र के एक गांव में होने की सूचना मिली थी। उसी संबंध में पुलिस गांव गई थी।