संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद के मालखाने से सोना और नकदी गायब होने के मामले में फरार चल रहे आरोपी हेड मोहर्रिर राधेश्याम गुप्ता का एक माह बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संतकबीरनगर, कुशीनगर और गोरखपुर पुलिस लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन अब तक सफलता हाथ नहीं लगी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं होती है तो आरोपी के खिलाफ और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस के अनुसार राधेश्याम गुप्ता मूल रूप से कुशीनगर जिले का रहने वाला है। उसकी वर्तमान तैनाती बहराइच जिले में है, जबकि उसने गोरखपुर में भी अपना मकान बनवा रखा है। इसी कारण पुलिस की टीमें तीनों जिलों में लगातार दबिश दे रही हैं और उसके संभावित ठिकानों की निगरानी की जा रही है। गौरतलब है कि खलीलाबाद कोतवाली के मालखाने से जब्त सोने के आभूषण और नकदी गायब होने का मामला सामने आने के बाद विभागीय स्तर पर जांच कराई गई थी।
जांच में तत्कालीन हेड मोहर्रिर राधेश्याम गुप्ता की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया गया। इसके बाद से वह फरार चल रहा है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने आरोपी के परिचितों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ की है। उसके मोबाइल नंबरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है लेकिन वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी प्राथमिकता में है। यदि वह आत्मसमर्पण नहीं करता है तो उसके खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट, कुर्की की कार्रवाई समेत अन्य कानूनी कदम भी उठाए जा सकते हैं।