टॉवर से बैट्री चुराने वाले अंतरजनपदीय गैंग के दो सदस्य गिरफ्तार
- चोरी की 19 बैट्रियां और 9000 रुपये नकद बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। कोतवाली, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने शनिवार को कसरवल स्थित ओवरब्रिज के पास से टॉवर से बैट्री चोरी करने वाले गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया। निशानदेही पर चोरी की 19 बैट्रियां बरामद भी किया। गैंग के सदस्यों ने गोरखपुर, बस्ती और संतकबीरनगर के नौ टॉवरों से बैट्रियां चोरी किए जाने की बात स्वीकार की है।
एसपी डॉक्टर कौस्तुभ ने रविवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि कोतवाली क्षेत्र के जोरवा में स्थित एटीसी टॉवर से 20 जनवरी की रात 24 बैट्रियां चोरी हुई थी। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस के अलावा एसओजी और सर्विलांस टीम को भी लगाया गया था। पुलिस टीम ने शनिवार को गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान राहुल यादव निवासी भवानीपुर बुदहट थाना हरपुर बुदहट जनपद गोरखपुर, हाल मुकाम भिलौरा थाना गीड़ा जनपद गोरखपुर और अकील (छोटे कबाड़ी) निवासी तुर्कमानपुर थाना राजघाट जनपद गोरखपुर के रूप में हुई। निशानदेही पर केशव ट्रेडर्स ट्रांसपोर्टनगर गोरखपुर से 19 बैट्रियां बरामद हुई। चोरी की बैट्रियों के बेचने से मिले 9000 रुपये भी बरामद हुए।
आरोपियों ने बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है, जो संतकबीरनगर और सीमावर्ती जनपद गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, बस्ती में स्थित टॉवरों से बैट्रियां चुराता है। बैट्रियों को बेचकर मिले धन को आपस में बांट लेते है।
उन्हीं के गैंग ने कोतवाली क्षेत्र के जोरवा में टॉवर से बैट्री चोरी किया था। चोरी की बैट्रियों को गैंग के विकास गुप्ता के माध्यम से गोरखपुर में कबाड़ की दुकानों पर बेच देते हैं। पूछताछ में गैंग के फरार सदस्यों और कबाड़ की दुकान चलाने वाले सोनू सिंह, सूरज, रावण पांडेय उर्फ शेरु, विकास गुप्ता, मयंक आनंद निवासी गोरखपुर के बारे में बताया। गोरखपुर की पांच, बस्ती की तीन और संतकबीरनगर के एक टॉवर से बैट्री चोरी होने की घटना का पर्दाफाश हुआ है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करते हुए रविवार को जेल भेज दिया गया। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगी है।
टीम को मिला दस हजार रुपये का इनाम
एसपी डॉक्टर कौस्तुभ ने बताया कि पुलिस टीम में चौकी इंचार्ज नवीन मंडी रजनीश राय, प्रभारी एसओजी धर्मेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल अनूप राय, विनोद यादव, प्रदीप कुशवाहा, मनोज कुशवाहा, ऋषिवेद तिवारी, रमेश यादव, मुनीर अहमद, अभिषेक सिंह शामिल रहे। टीम को दस हजार रुपये का इनाम दिया गया।