संतकबीरनगर। जनपद में पंचायत चुनाव को देखते हुए पुलिस जिले के बदमाशों की कुंडली खंगालने में जुट गई है। पिछले चुनाव के दौरान हुए बवाल में शामिल लोगों का रिकाॅर्ड खंगाला जा रहा है। हर थाने काे यह जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वह अपने क्षेत्र के बदमाशों पर नजर रखे। उनकी दिनचर्या समेत हर गतिविधि पर निगाह बनाए रखीं जाए, जिससे चुनाव के दौरान किसी भी तरह के विवाद की स्थिति से बचा जा सके।
पंचायत चुनाव की आहट के बाद ग्रामीण क्षेत्र में आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। पक्ष-विपक्ष छोटे-छोटे मुद्दे को लेकर आमने सामने हो रहे हैं। एसआईआर का काम भी अंतिम दौर में चल रहा है। ऐसे में अधिकारी भी गांव-गांव हर बूथ पर अपनी निगाह बनाए हुए हैं। वहीं पुलिस भी धीरे-धीरे चुनावी मूड में आ रही है। चुनाव के दौरान गांव में हुए पूर्व के विवाद का ब्यौरा एकत्र किया जा रहा है। वहीं बड़ी घटनाओं को भी चिह्नित करके उनकी समीक्षा की जा रही है। पुलिस इसके लिए ग्राम चौकीदारों से भी मदद ले रही है। उनके क्षेत्र में चुनाव के दौरान हुए विवाद की जानकारी की जा रही है।
-
आपराधिक किस्म के लोगों का सत्यापन शुरू
पुलिस टीम आपराधिक किस्म के लोगों का भी सत्यापन करने का काम शुरू कर दिया है। कौन आरोपी जेल में है, अथवा कौन जेल से छूटकर बाहर आया है, इसकी जानकारी की जा रही है। अपराधी घर पर है अथवा कहीं बाहर है, इसके बारे में भी पता किया जा रहा है। उसकी हर गतिविधि की निगरानी की जा रही है।
-
विवादित ग्राम पंचायतों पर विशेष नजर
जिले की विवादित ग्राम पंचायतों पर पुलिस की विशेष नजर है। ऐसे ग्राम पंचायत जहां पर पक्ष विपक्ष दोनों प्रभावशाली हैं और आए दिन विवाद की स्थिति बनी रहती है उन पर पुलिस की विशेष नजर है। दोनों पक्षों के हर गतिविधि पर पुलिस बारीकी से अपना नजर बनाए हुए है। ऐसे लोगों का अलग से खाका तैयार किया जा रहा है। जिससे चुनाव के दौरान टकराव की स्थिति से बचाव किया जा सके।
-
चुनाव के दौरान पूर्व की हुई घटनाओं को देखा जा रहा है। थाना क्षेत्र में जो भी बदमाश चिह्नित हैं उनका रिकाॅर्ड खंगाला जा रहा है। अपराधियों के बारे में जानकारी व उनकी गतिविधियों पर निगरानी के लिए पुलिस टीम लगी हुई है। इसके लिए सभी एसओ को निर्देशित किया गया है। -सुशील कुमार सिंह, एएसपी