प्रधानमंत्री आदर्श गांवों की बदलेगी सूरत
पांच प्रधानमंत्री आदर्श गांवों में विकास कार्य के लिए भेजे गए 37,94,500 रुपये
कार्यों की गुणवत्ता की जांच करेंगी टीमें
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरगर। प्रधानमंत्री आदर्श गांवों की सूरत बदलेगी। चयनित पांच प्रधानमंत्री आदर्श गांवों में विकास कार्य कराए जाने के लिए 37,94,500 रुपये दिए गए हैं। इन गांवों में नाली, खड़ंजा, सीसीरोड, इंटरलॉकिंग और सोलर स्ट्रीट लाइट आदि कार्य प्राथमिकता के तौर पर कराए जाएंगे। कार्यों की गुणवत्ता की भी निगरानी होगी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2018-19 और वर्ष 2029-20 में दस-दस गांवों का चयन प्रधानमंत्री आदर्श गांव के रूप में हुआ है। शहरी सीमा विस्तार में खलीलाबाद ब्लॉक का मिश्रौलिया गांव नगर पालिका खलीलाबाद में शामिल हो गया। बचे 19 गांवों में विकास कार्य के लिए कार्य योजना तैयार कराई गई थी। 14 गांवों में तीन महीने पहले की प्रथम किस्त की धनराशि भेज दी गई थी, लेकिन पांच गांवों में सत्यापन कार्य में विलंब हुआ। इन पांच गांवों सोनडीहा, भैसाखूट, सुरैना, धवरेपार बढ़या और पडोखर की सत्यापन रिपोर्ट प्राप्त हुई। उसके बाद पहली किस्त 37,94,500 रुपये भेजी गई। अब इन गांवों में नाली, खड़ंजा, सीसी रोड, इंटरलॉकिंग, सोलर स्ट्रीट लाइट आदि कार्य कराएं जाएंगे। कार्य स्थल का वह खुद निरीक्षण करके कार्यो की गुणवत्ता की जांच करेंगे। इसके अलावा अन्य टीमें भी कार्य की गुणवत्ता जांचेगी। मानक के अनुरूप कार्य कराए जाने के लिए संबंधितों को निर्देश दिए गए हैं।