सीएमओ ने शासन को भेजा प्रस्ताव, स्वीकृत होते ही शुरू होगा कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद और मेंहदावल में अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोला जाएगा। जिसके लिए सीएमओ ने शासन को प्रस्ताव भेजा है। स्वीकृति मिलते भवन निर्माण तक पीएचसी को किराए के भवन में संचालन शुरू करा दिया जाएगा।
खलीलाबाद और मेंहदावल में पहले से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र है। जहां पर प्रतिदिन मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। खलीलाबाद सीएचसी पर प्रतिदिन 300 से 400 मरीज देखे जा रहे हैं। जिसको देखते हुए इन शहरों में अर्बन पीएचसी खोले जाने की पहल विभाग ने की। सीएमओ कार्यालय ने इन दोनों जगहों पर अर्बन पीएचसी के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा है। वहां से स्वीकृति मिलने ही जमीन की तलाश की जाएगी और भवन निर्माण में खर्च होने वाली लागत का आकलन कर उसकी रिपोर्ट स्वास्थ्य महानिदेशालय को भेजी जाएगी। धन के आवंटन में समय लगेगा। अर्बन पीएचसी के संचालन का प्रस्ताव स्वीकृत होते हुए किराए के भवन में इसे संचालित कर दिया जाएगा। जब उसका अपना भवन तैयार होगा तो उसे वहां पर स्थानांतरित कर दिया जाएगा। अपर सीएमओ डॉ मोहन झा ने बताया कि खलीलाबाद औरमेंहदावल में अर्बन पीएचसी खोले जाने का प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलने ही किराए के भवन में इसे संचालित करा दिया जाएगा। जिससे मरीजो को स्वास्थ्य सेवाओं का बेहतर लाभ मिल सकेगा।