खलीलाबाद में मेंहदावल बाईपास पर गोरखपुर के लिए वाहन का इंतजार करते यात्री। संवाद
संतकबीरनगर। खलीलाबाद-बस्ती हाईवे पर रूट डायवर्जन के बाद बस्ती और गोरखपुर जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को मेंहदावल बाईपास पर यात्री वाहनों का इंतजार करते देखे गए। कुछ प्राइवेट वाहन खलीलाबाद से गोरखपुर तक यात्रियों को ले जा रहे थे।
इंतजार कर रहे यात्री जैसे ही कोई वाहन आता उसमें सवार हो जाते, लेकिन बस्ती के लिए यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा क्योंकि टेमा रहमत के बाद वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद होने के कारण यात्रियों को वाहन मिलने में काफी दिक्कत हो रही थी। मेंहदावल बाईपास पर खलीलाबाद से बस्ती जाने के लिए बैठी विमला ने बताया कि हमें एक घंटे से वाहन का इंतजार कर रहे हैं लेकिन अभी तक कोई वाहन नहीं मिला है। इसी तरह डिंपल और मुन्नी ने बताया कि हमें भी बस्ती जाना है लेकिन अभी तक कोई वाहन नहीं मिल सका है। गाड़ियों के बंद होने के चलते काफी दिक्कत हो रही है। सुनील ने बताया कि बस्ती के लिए वाहन नहीं मिल रहा है। मेंहदावल बाईपास पर गोरखपुर जाने के लिए खड़े राघवेंद्र ने बताया कि आधे घंटे से गाड़ी का इंतजार कर रहा हूं लेकिन अभी तक कोई गाड़ी नहीं मिल सकी है। मुझे गोरखपुर एक आवश्यक कार्य से जाना है। रविंद्र ने कहा कि जैसे ही गाड़ी आ रही है लोग उसमें सवार हो जा रहे हैं। चार पहिया गाड़ियों में यात्री भी कमा आ रहे हैं। इस कारण जाने में परेशानी हो रही है।
रविंद्र ने बताया कि धनघटा से आया हूं और अब गोरखपुर जाना है। रामप्रीत ने कहा कि कुछ ऑटो व चार पहिया वाहन गोरखपुर के लिए चल रहे हैं, उन्हीं का इंतजार कर रहे हैं कुछ प्राइवेट बसें चल रही हैं उनके भी आने का इंतजार कर रहे हैं।