मेंहदावल। नगर पंचायत में तैनात दो नगर पंचायत कर्मियों के साथ सभासद के भाई के द्वारा अभद्रता व गाली दी गई। इस घटना से नगर पंचायत कर्मियों में उबाल है। नगर पंचायत कर्मियों ने मेंहदावल थाने में तहरीर देकर केस दर्ज करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, अभी त केस दर्ज नहीं हो सका है।
मेंहदावल नगर पंचायत में तैनात दो स्थायी नगर पंचायत कर्मी शिव सागर व शिवपूजन बीते सोमवार को एक वार्ड में जन्म, व मृत्यु की जांच करने गए थे। नगर पंचायत कर्मियों का आरोप है कि जांच पड़ताल करने के दौरान तुलसीपुर वार्ड की सभासद उत्तरा निषाद के भाई देवव्रत निषाद ने नगर पंचायत कर्मियों पर गलत तरीके से रिपोर्ट लगाने का दबाव बनाया। गलत कार्य करने से मना करने पर पंचायत कर्मियों के साथ गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। दोनों कर्मियों का कहना है कि अक्सर इनके द्वारा इसी तरह का बर्ताव किया जाता है। इस मामले में मुकदमा दर्ज होना चाहिए। अभी तक इस मामले में मुकदमा पंजीकृत नहीं हो सका है।
सभासद के भाई देवव्रत निषाद ने कहा कि दोनों नगर पंचायत कर्मी वार्ड में जन्म मृत्यु की जांच के लिए आए थे। इनके द्वारा भ्रष्टाचार को बढ़ावा देते हुए पीड़ित परिवारों से रिश्वत की मांग की गई। गाली देने का आरोप बेबुनियाद है। एसओ सतीश कुमार सिंह का कहना है कि नगर पंचायत कर्मियों के द्वारा तहरीर दी गई है। आरोपित सभासद के भाई को जांच के लिए थाने पर बुलाया गया है। जांच पड़ताल के बाद मामले में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।