बिना काम कराए ही हो गया भुगतान
सेमरियावां। विकास खंड सेमरियावां की ग्राम पंचायत चंगेरा-मंगेरा में राज्य वित्त व केंद्रीय वित्त आयोग मद से कराए गए विकास कार्यों में धांधली की शिकायत पर जांच में गड़बड़ी उजागर हुई है। बिना काम कराए ही भुगतान करा लेने का मामला पाया गया। डीपीआरओ ने तत्कालीन ग्राम सचिव को नोटिस देकर एक सप्ताह के अंदर जवाब देने के लिए कहा है।
सेमरियावां गांव निवासी सलीम उमर ने उत्तर प्रदेश पंचायती राज निदेशक को सात जून 2021 को शिकायती पत्र दिया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधान का कार्यकाल खत्म होने के बाद एक जनवरी 2021 से 31 मई 2021 तक प्रशासक की तैनाती रही। सेमरियावा ब्लॉक में तैनात प्रशासक एडीओ पंचायत शशि भूषण पांडेय और ग्राम पंचायतों में तैनात पंचायत सचिवों के साथ सांठगांठ करके राज्य वित्त, केेंद्रीय वित्त आयोग से बिना टेंडर प्रक्रिया पूरा किए और शासनादेश के विरुद्ध हैंडपंप मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, नाली निर्माण, इंटरलॉकिंग, विद्यालयों में मरम्मत आदि कार्यों के नाम पर फर्जी तरीके से भुगतान करा लिया है।
निदेशक पंचायती राज ने सीडीओ और मंडलीय उपनिदेशक पंचायत को पत्र जारी कर मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उपनिदेशक पंचायतीराज बस्ती मंडल के निर्देश पर डीपीआरओ राजेंद्र प्रसाद ने जिला परियोजना प्रबंधक सिद्धनाथ पांडेय और एडीओ पंचायत मैनुद्दीन सिद्दीकी की मौजूदगी में 14 मार्च 2022 को ग्राम पंचायत चंगेरा-मंगेरा में प्रशासक कार्यकाल के दौरान विकास कार्यों की स्थलीय जांच की।
इस बारे में डीपीआरओ राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि ग्राम सचिव शिवेंद्र कुमार की ओर से अभिलेख उपलब्ध नहीं कराया गया है। ई ग्राम स्वराज पोर्टल पर उपलब्ध रिपोर्ट के मुताबिक, 29 अप्रैल 2021 को प्राथमिक विद्यालय असनहरा में अतिरिक्त कक्ष की मरम्मत के लिए 84454 रुपये तथा 29 अप्रैल को ही जूनियर हाईस्कूल असनहरा में मरम्मत एवं टाइल्स कार्य के लिए 189302 रुपये और पुन: 30 अप्रैल 2021 को जूनियर हाईस्कूल असनहरा में मरम्मत एवं टाइल्स कार्य के लिए 183826 रुपये तथा 30 अप्रैल 2021 को पुन: जूनियर हाईस्कूल में तीन अतिरिक्त कक्ष की मरम्मत के लिए 206700 रुपये व 30 अप्रैल को प्राथमिक विद्यालय चंगेरा-मंगेरा में अतिरिक्त कक्ष की फर्श, टाइल्स एवं अन्य मरम्मत के लिए 73000 रुपये का भुगतान हुआ है।
30 अप्रैल को जूनियर हाईस्कूल चंगेरा-मंगेरा में रसोई घर, फर्श एवं टाइल्स कार्य पर 74970 तथा दो मई 2021 को पुन: जूनियर हाईस्कूल असनहरा में मरम्मत एवं टाइल्स कार्य के लिए 189302 लाख रुपये की निकासी की गई। कुल 10,01554 का भुगतान किया गया। उसमें एक ही तिथि में कई कार्यों का भुगतान किया गया। बताया कि जांच के दौरान पाया गया कि प्राथमिक विद्यालय चंगेरा-मंगेरा के एक कमरे में टाइल्स लगा हुआ है तथा जूनियर हाईस्कूल असनहरा के कमरे में टाइल्स के काम के अलावा उसमें सामने फर्श की सीढ़ी पर सिर्फ हल्की मरम्मत कराई गई है।
इसके अतिरिक्त मौके पर कोई अन्य कार्य नहीं पाया गया। बिना कार्य कराए ही धनराशि आहरित कर ली गई है, जो कि वित्तीय अनियमितता एवं गबन की श्रेणी में आता है। जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि सचिव शिवेंद्र कुमार को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। प्रशासक कार्यकाल के दौरान विकास कार्यों और भुगतान से संबंधित अभिलेख देने के भी निर्देश दिए गए हैं।