बखिरा। कस्बे के नई बाजार मुहल्ला निवासी एक व्यक्ति ने पटरा-बल्ली के किराये की रकम मांगने पर जिला पंचायत सदस्य पर मारपीट, धमकी देने, हमला करने व संपत्ति हड़पने का आरोप लगाया है। पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर जिला पंचायत सदस्य व उसके भाई समेत कुल पांच लोगों पर केस दर्ज किया है।
अताउल्लाह पुत्र गफ्फार निवासी नई बाजार बखिरा ने बताया कि वह पटरा बल्ली किराये पर देता है। विश्वकेतु यादव डेढ़ वर्ष पूर्व कदमा गांव स्थित कोटे की दुकान पर पटरा-बल्ली ले गए थे। जिसका बकाया 12,560 रुपये है।
13 मार्च को शाम 7:15 बजे विश्वकेतु ने अपनी बहन के घर पर बकाये की रकम देने के लिए बुलाया था। वह अपने भाई नबीउल्लाह के साथ बुलाए गए स्थान पर पहुंचा।
उसे देखते ही विश्वकेतु यादव ने अपने भाई आशुतोष यादव व अन्य तीन लोगों के साथ मिलकर उसे व उसके भाई को गाली देने लगे व मारने पीटने लगे। उसके बाद बखिरा स्थित घर पर आकर उसके घर में घुसकर गर्भवती पत्नी सोफिया के पेट में हमला कर दिए। जिससे उसे रक्तस्राव होने लगा।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई के बजाए उसके भाई सनाउल्लाह का शांतिभंग में चालान कर दिया। सुबह थाने पर सूचना देने के बावजूद आरोपियों के प्रभाव से केस दर्ज नहीं किया गया।
कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य विश्वकेतु यादव, आशुतोष यादव पुत्रगण स्व दूधनाथ यादव निवासीगण लेडुआ-महुआ व अशोक यादव, बृजेश यादव व अंगद यादव निवासीगण हरापट्टी के खिलाफ केस दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरु कर दिया है।