- छह से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर चुकी है पुलिस
- अब तक की जांच में पुलिस को नहीं मिला हत्या का सुराग
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र के छांछापार निवासी वृद्ध दुकानदार की हत्या सिर में गंभीर चोट पहुंचा कर की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह बाद सामने आई है। हत्या से जुड़े हर पहलु पर पुलिस की टीमें जांच कर रहीं हैं, लेकिन अभी तक पुलिस को हत्या का सुराग नहीं मिल पाया है। वैसे पुलिस नामजद आरोपी के अलावा छह से अधिक आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों से हिरासत में लेकर पूछताछ कर चुकी है।
छांछापार निवासी 65 वर्षीय जगदीश चौधरी बनकिटया- पचपोखरी मार्ग पर स्थित अपने हार्डवेयर की दुकान के बाहर रविवार की रात सोए थे। उसी दौरान उनकी हत्या कर दी गई थी। घटना स्थल के आस-पास खून बिखरा मिला था। दुकान का काउंटर और शटर खुला मिला था। पुलिस और फोरेसिंक टीम ने जांच पड़ताल की थी। मृत शख्स के बेटे विजय कुमार चौधरी ने चोरी के आशय से पिता की हत्या होने का शक जताया था। इस मामले में गांव के निवासी गोलू कन्नौजिया और उसके अज्ञात सहयोगियों पर हत्या का केस दर्ज कराया था। एसपी डॉक्टर कौस्तुभ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हेड इंजरी से मौत होना आया है। हत्या से जुड़े हर पहलुओं पर गठित पुलिस टीमें जांच कर रही है। पूर्व में प्रकाश में आए अपराधियों की धरपकड़ कर उनसे पूछताछ की जा रही है। वैसे पीड़ित बेटे ने चोरी के आशय से गांव के गोलू कन्नौजिया व उसके सहयोगियों पर हत्या करने का शक जाहिर किया है। पुलिस गोलू कन्नौजिया से भी पूछताछ कर रही है। हत्या के पर्दाफाश करने के लिए कोतवाली पुलिस के साथ ही स्वॉट और सर्विलांस की टीम भी लगा दी गई है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।