महुली। यूपी बोर्ड की परीक्षा बुधवार से शुरू हो गई। महुली थाना क्षेत्र के एक परीक्षा केंद्र पर बस्ती पुलिस एक हत्या के आरोपी को परीक्षा दिलाने लेकर पहुंची थी। आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में ही प्रश्नपत्र और कॉपी दिया गया और बच्चों से अलग उसकी व्यवस्था विद्यालय प्रशासन ने करवाया।
हत्यारोपी किशोर महुली थाना क्षेत्र के जनता आदर्श इंटर कॉलेज अजाव में हाईस्कूल की परीक्षार्थी है। बताया जा रहा है कि वह मंगलवार को अपना प्रवेश पत्र लेकर अपने घर कलवारी पहुंचा तो देखा कि उसके बाबा और मां आपस में मारपीट कर रहे थे। इस मंजर को देख कर किशोर ने अपना आपा खो दिया था उसने अपने बाबा के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जिससे उनकी मौत हो गई थी। इसमे मामले में पुलिस ने उसे अभिरक्षा में लिया था। बुधवार को कलवारी पुलिस के एक सब इंस्पेक्टर और एक सिपाही किशोर को लेकर महुली थाना क्षेत्र के परीक्षा केंद्र श्रीराम कृपाल बलिकरन नाथ स्मारक इंटर कॉलेज जोगाराज सेंटर पर लेकर पहुंचे और प्रधानाध्यक युधिष्ठिर पांडेय को सारे मामले से अवगत करवाया। इसके बाद हत्यारोपी किशोर की व्यवस्था अन्य परीक्षार्थियों से अलग करके पुलिस अभिरक्षा में उसको बोर्ड परीक्षा में शामिल किया गया।