बारिश होने के बाद लहलहाती धान की बेहन
संतकबीरनगर। पिछले दो दिनों से मौसम में नरमी है। तापमान में सात डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आई है। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। इस बीच बुधवार को कुछ क्षेत्रों में एक घंटे तक बारिश हुई, जिससे किसानों को राहत मिली है।
पिछले एक पखवारे से भीषण गर्मी और लू चलने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन दो दिनों से मौसम में बदलाव हुआ है। इसके साथ ही आसमान में बादल छा गए हैं। बुधवार को नौरंगिया से बनियाबारी के बीच के करीब एक घंटे तक तेज बारिश हुई है। हालांकि जिला मुख्यालय पर बादल छाने के बाद भी बारिश नहीं हुई।
दो दिन पूर्व जहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था वहीं बुधवार को सात डिग्री सेल्सियस गिरकर अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है।