संतकबीरनगर।
मगहर-खलीलाबाद विनियमित क्षेत्र महायोजना 2035 को अंतिम रूप देने की कवायद शुरू हो गई है। महायोजना के तहत प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग ने खलीलाबाद के चारों तरफ रिंग रोड बनाने का प्रस्ताव दिया है। इसके लिए रिंग रोड चिन्हित करने की जिम्मेदारी भी प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग को सौंपी गई है। रिंग रोड बनने से शहरवासियों को जाम से तो निजात मिलेगी ही, साथ ही रोजगार के मौके भी बढ़ेंगे। दो मार्च को इसके संबंध में होने वाली बैठक में महायोजना को अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है।
महायोजना के तहत राजकीय परियोजनाओं में केंद्रीय विद्यालय, बस स्टैंड, अटल आवासीय विद्यालय, मेडिकल कॉलेज, कलक्ट्रेट तथा आवासीय परिषद महायोजना में चिन्हित करने की भी तैयारी है। इससे जहां शहर का व्यवस्थित विकास होगा, वहीं रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
विज्ञापन
महायोजना 2035 में खलीलाबाद के आर्थिक विकास को प्रोत्साहित करने के लिए उपयुक्त स्थलों पर उद्योग, वेयरहाउस, लॉजिस्टिक्स, ट्रक टर्मिनल, टेक्सटाइल ट्रेडिंग सेंटर तथा थोक व्यवसाय के लिए उचित स्थलों का प्रस्ताव किए जाने का भी निर्देश दिया गया है। महायोजना का प्रारूप तैयार कर आगामी बैठक में प्रस्तुत किया जाएगा। प्रस्ताव शासकीय समिति के अनुमोदन के उपरांत जन सामान्य से आपत्तियां व सुझाव निर्धारित अवधि के लिए आमंत्रित कर सुझावों को जनहित एवं व्यापक हित में समायोजन कर अंतिम रूप दिया जाएगा। महायोजना के अमल में आने से जहां विकास की गति तेज होगी वहीं रोजगार के भी अवसर बढ़ेंगे। शहर का विकास व्यवस्थित तरीके से होगा। साथ ही जमीन की समस्याओं का निदान होगा। टेक्सटाइल सेक्टर, इंडस्ट्रीयल पार्क, आवासीय भवन के साथ बखिरा झील के विकास में तेजी आएगी।
महायोजना 2035 को अंतिम रूप देने की तैयारी चल रही है। इसके तहत शहर के चारों तरफ रिंग रोड बनाया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में कार्य होंगे। दो मार्च को इस संबंध में बैठक होगी, जिसमें महायोजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।
महेंद्र सिंह तंवर, डीएम, संतकबीरनगर