- क्षेत्र के दुघरा कला गांव की रहने वाली, बुधवार की देर रात की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। क्षेत्र के दुघरा कला गांव निवासी 23 वर्षीय विवाहिता की बुधवार की देर रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायके वालों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
बस्ती जिले के लालगंज क्षेत्र के बानपुर गांव निवासी जगदीश ने एक वर्ष पहले पुत्री रीना की शादी धनघटा क्षेत्र के दुघरा कला गांव निवासी सागर की थी। रीना के ससुरालियों का कहना है कि रीना जब से ससुराल आई तभी से उसकी तबीयत खराब चल रही थी। उसका इलाज मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में चल रहा था। बुधवार की रात करीब 10 बजे रीना खाना खा रही थी, अचानक उसी समय तबीयत बिगड़ गई। अचेत अवस्था में सीएचसी मलौली ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल के जरिए पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। घटना की जानकारी रीना के मायके वालों को हुई तो वे भी थाने पहुंच गए। रीना की मां रामादेवी पत्नी जगदीश ने बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए ससुरालयों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने रीना के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई की बात कह रही है।