शहर के कई मोहल्लों में अभी भी पानी भरा, संक्रामक बीमारियों की आशंका
-चौथे दिन भी जल निकासी के लिए जूझते रहे नगर पालिका कर्मी
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। भले ही पिछले 24 घंटे से बारिश न हुई हो, लेकिन खलीलाबाद शहर के बाशिंदे अब भी जलभराव से परेशान हैं। शहर के कई मोहल्लों में पानी लगा हुआ है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका उत्पन्न हो गई है। इस बीच नगर पालिका के कर्मी चौथे दिन भी जल निकासी के लिए जूझते नजर आए।
चार दिन पूर्व हुई मूसलाधार बारिश से शहर में भारी जल भराव हो गया था। मुख्य सड़क से लेकर मोहल्लों में घुटने भर पानी लगा रहा, तभी से नगर पालिका कर्मी जल निकासी की व्यवस्था में जुटे हुए हैं। शनिवार को जहां आजाद चौक के आस-पास के क्षेत्र में नालियों पर बने चबूतरों को तोड़कर सफाई की गई तो मेंहदावल बाईपास के पास सड़क को काट दिया गया। इसके बाद भी रविवार को जल भराव बना हुआ है। विधियानी, घोरखल, अंसार टोला, डाक बंगला के सामने, गोलाबाजार आदि क्षेत्रों में अब भी पानी भरा हुआ है। इसके साथ ही ड्रेनेज खंड के कार्यालय और आवासीय परिसर में पानी की निकासी के लिए पंप सेट लगाना पड़ा है। इधर चार दिनों से जल भराव होने के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। कारण यह है कि पानी ठहरने से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। साथ ही वाटर लेबल ऊपर आने से हैंडपंपों का पानी भी नुकसानदेह साबित हो रहा है। इससे जल जनित बीमारी होने की संभावना बनी हुई है। इधर नगर पालिका के कर्मी जगह-जगह नालियों की सफाई में जुटे हुए हैं, जहां पर ज्यादा जल भराव है वहां जेसीबी लगाकर जाम नालियों से कचरा निकाला जा रहा है। नगर पालिका परिषद का दावा है कि एक-दो दिन में जल भराव की समस्या से निजात मिल जाएगा।
इस संबंध में नगर पालिका परिषद के ईओ सुरेश मौर्य ने कहा कि जहां पर जल भराव है वहां दवा का छिड़काव कराया जा रहा है। इसके साथ ही क्लोरीन की गोलियां भी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि जल निकासी के लिए कर्मचारियों को लगाया गया है, जल्द ही लोगों को जलभराव से निजात मिल जाएगी।