- यात्रियों को आने-जाने में खाने पड़ रहे हिचकोले
- असंतुलित हो जा रहे, कमर दर्द की बढ़ी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। शहर के मुखलिसपुर ओवरब्रिज से होकर आना-जाना यात्रियों के लिए परेशान भरा हो गया है। सड़क के गड्ढों को विभाग ने भरवा दिया और सड़क चकाचक हो गई, लेकिन पुल के दो पिलरों के बीच बने हुए गैप को भरना भूल गए। जिससे वाहन अक्सर गैप की वजह से असंतुलित हो जा रहे हैं। इसके साथ ही झटका भी लग रहा है। इससे कमर दर्द आदि की परेशानी बढ़ रही है।
शहर के मुखलिसपुर तिराहे पर ओवरब्रिज बना है। इससे होकर धनघटा, आंबेडकर आदि स्थानों के लिए यात्रियों की आवाजाही होती है। ओवरब्रिज पर जगह-जगह गड्ढे बन गए थे, जिसकी मरम्मत कराई गई, लेकिन ओवरब्रिज पर जगह-जगह पिलर के बीच में बड़े-बड़े गड्ढे बने हैं। इसे भरवाने में किसी ने दिलचस्पी नहीं दिखाई। जिसके कारण वाहनों के आने-जाने के दौरान झटके लग रहे हैं। बारिश होने पर तो इन गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। यह स्थिति तब है जबकि ओवरब्रिज से होकर बड़े वाहनों की भी आवाजाही होती है। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
गैप भरवाए जाने की मांग
मुखलिसपुर ओवरब्रिज से हाेकर आने-जाने वाले गैप के कारण काफी परेशान हैं। लोग मांग कर रहे हैं कि गैप का भरवाया जाए ताकि लोगाें को आने-जाने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। शहर निवासी अमित कुमार, दिलीप मोदनवाल आदि ने कहा कि ओवरब्रिज पर बने गैप के कारण दुर्घटना की आशंका बनी हुई। वाहन गुजरते समय झटका लगता है, जिससे कमर दर्द आदि की समस्या झेलनी पड़ रही है।
शहर में आवागमन सुचारू रूप से हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को ओवरब्रिज के गैप भरवाने के लिए निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही लोगों को इस समस्या से राहत मिल जाएगी।
- महेंद्र सिंह तंवर, डीएम