एडीएम को ज्ञापन देते लेखपाल संघ के पदाधिकारी
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने हापुड़ घटना के विरोध में मंगलवार को सीएम को संबोधित ज्ञापन एडीएम न्यायिक को सौंपा। लेखपालों ने मामले की पारदर्शी तरीके से जांंच कराने की मांग की।
संघ के अध्यक्ष विवेक रंजन ने कहाकि हापुड़ में जिलाधिकारी का अधीनस्थ के प्रति अपमानजनक एवं दमनात्मक व्यवहार एवं बिना जांच के ही झूठी शिकायत पर उत्पीड़नात्मक कार्रवाई के कारण तनाव में लेखपाल सुभाष मीणा का निधन हो गया। इस हृदयविदारक घटना से प्रदेश के समस्त लेखपाल आहत हैं। अपने परिवार से सैकड़ों किमी दूर अकेले रह कर नौकरी कर रहे लेखपाल ऐसी परिस्थितियों के विचार मात्र से ही तनाव में आ गए हैं।
उन्होंने कहाकि सोशल मीडिया के मध्य पब्लिसिटी पाने की इच्छा के कारण अधीनस्थ को सार्वजनिक रूप से अपमानित करने एवं दंडित करने की प्रवृत्ति बढ़ रही है। जिससे कर्मचारी तनाव व डिप्रेशन के मध्य नौकरी कर रहे हैं। उन्होंने कहाकि हापुड़ की घटना का त्वरित संज्ञान लेते उच्च स्तरीय जांच पारदर्शी तरीके से कराने की मांग की।
इस अवसर पर जिला मंत्री प्रमोद कुमार, कनिष्ठ उपाध्यक्ष अमित सिंह, उप मंत्री सुनील कुमार श्रीवास्तव समेत अन्य मौजूद रहे।