पेड़ से दबकर मजदूर की मौत
तेजपुर गांव में गूलर का पेड़ काटते समय हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। क्षेत्र के तेजपुर गांव में बृहस्पतिवार को गूलर का पेड़ काटते समय अचानक पेड़ गिर जाने से दबकर मजदूर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से पीड़ित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
35 वर्षीय सोमई पुत्र हरिचरन मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाते थे। पीड़ित पत्नी तारा देवी ने बताया कि उसके पति सोमई बृहस्पतिवार को अपने खेत में लगे यूकेलिप्टस एवं गूलर का पेड़ काटने गए थे। जब वह गूलर का पेड़ काट रहे थे। उसी दौरान पेड़ अचानक पति के ऊपर गिरा और दब जाने से घायल हो गए। घायल पति को इलाज के लिए सीएचसी मलौली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने देखते ही उन्हें मृत घोषित कर दिया। कमाकर अपने तीन बच्चों समेत परिवार का पेट पालने वाले मजदूर की अचानक मौत से परिवार पर विपत्ति का पहाड़ टूट पड़ा। पत्नी तारा देवी व छोटे-छोटे बच्चों का रो- रो कर बुरा हाल था। एसओ अनिल कुमार दूबे ने बताया कि मजदूर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।