- नौ मार्च को आयोजित होगी लोक अदालत
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जनपद न्यायाधीश अनिल कुमार वर्मा-प्रथम के निर्देश पर बृहस्पतिवार को अपर जिला जज एवं नोडल अधिकारी लोक अदालत दिनेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में न्यायिक अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें नौ मार्च को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला जज महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि नोडल अधिकारी डीपी सिंह ने अधिकारियों को बताया की राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर नौ मार्च को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाना है। बैठक में नोडल अधिकारी ने समस्त अधिकारियों से आग्रह किया कि वह अपनी-अपनी कोर्ट में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन कर ज्यादा से ज्यादा वादों एवं मामलों का निस्तारण करवाना सुनिश्चित करें। लोक अदालत में प्रतिभाग करने के लिए ज्यादा से ज्यादा नोटिसों को पक्षकारों को तामिला करवाया जाए। बैठक में न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे।