हाईवे पर कसरवल के पास पलटा ट्रक, एक घंटे लगा जाम
मगहर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर कसरवल के पास बुधवार को ट्रक पलट जाने से जाम लग गया। जाम से बचने के लिए छोटे वाहन मगहर कस्बे से होकर गुजरे। एनएच के कर्मचारियों ने पुलिस के सहयोग से ट्रक को रास्ते से हटवा कर जाम खुलवाया। करीब एक घंटे तक जाम लगे होने से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
गोरखपुर जनपद की सीमा में कसरवल के निकट हाईवे पर ट्रक पलट गया। इससे कसरवल गांव से नेशनल हाइवे पर स्थित बंगला ताल चौराहे तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम से बचने के लिए छोटे वाहन चालक कस्बे से गुजरने के लिए मजबूर हुए। इसके कारण कस्बे के मुख्य मार्ग पर भी वाहनों की लंबी कतार लगी रही। हाईवे से जाम को हटाने के लिए एनएच के कर्मचारियों ने घटना स्थल पर पहुंच कर ट्रक को किनारे कराया। सेमरा बाईपास स्थित मगहर के पास पुलिस कर्मी सुमित राय व पीआरवी के जवान वाहनों को धीरे-धीरे आगे बढ़ाने में मदद कर रहे थे। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद हाईवे से जाम हट सका। चौकी इंचार्ज हरिनारायण दीक्षित अपने सहयोगी सिपाहियों के साथ मौके पर जाम हटवाने व वाहनों को सुचारु रूप से आवागमन में सहयोग करते रहे।