बेलहर। विकास खंड बेलहर के ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) पर निपुण भारत मिशन के अंतर्गत एफएलएन (फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी) तथा एनसीईआरटीपाठ्यपुस्तकों पर आधारित प्राथमिक विद्यालयों के समस्त शिक्षकों एवं शिक्षा मित्रों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण जारी है। प्रशिक्षकों ने शिक्षकों को आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।
प्रशिक्षण में बताया गया कि निपुण भारत मिशन का उद्देश्य प्राथमिक स्तर के प्रत्येक बच्चे को निर्धारित कक्षा के अनुरूप पढ़ने, लिखने और गणितीय दक्षता हासिल कराना है। प्रशिक्षकों ने कहा कि शिक्षक गतिविधि आधारित शिक्षण अपनाकर बच्चों में सीखने की रुचि विकसित करें, ताकि प्रत्येक बच्चा निर्धारित ग्रेड स्तर की दक्षता प्राप्त कर सके।
प्रशिक्षण के दौरान एनसीईआरटी की नई पाठ्यपुस्तकों के प्रभावी उपयोग, भाषा एवं गणित शिक्षण की सरल विधियों तथा बच्चों के सतत मूल्यांकन पर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रशिक्षकों ने शिक्षकों से विद्यालयों में प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई विधियों का प्रभावी क्रियान्वयन कर निपुण भारत मिशन के लक्ष्य को सफल बनाने का आह्वान किया।