तेज धूप और उमस से बचने के लिए छुट्टी होने पर सिर पर दुपट्टा ओढ़कर जाती हुई छात्राएं । संवाद
संतकबीरनगर। शहर से लेकर देहात तक बिजली कटौती ने लोगों की मुसीबत बढ़ा दी है। मौसम भी तल्ख बना हुआ है, और पारा 33 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। बिजली कटौती का आलम यह है कि शहर में सात-सात घंटे बिजली काटी जा रही है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में लोकल फाल्ट के चलते समस्या बढ़ गई है। इस मामले में डीएम ने डीएम ने विद्युत निगम को सख्त हिदायत दी है कि आपूर्ति में सुधार करें। इसके बावजूद बिजली कटौती से निजात नहीं मिल पा रही है।
गर्मी बढ़ने के साथ ही शहर से लेकर देहात तक बिजली की कटौती बढ़ गई है। शहर में जहां ट्रिपिंग की समस्या से उपभोक्ताओं को जूझना पड़ रहा है, वहीं किसी न किसी मोहल्ले में फाल्ट के चलते बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। शुक्रवार को शहर के गोरखल, गोलाबाजार, मडया आदि क्षेत्रों में बिजली की आवाजाही बनी रही। इसके साथ ही शहर के आजाद चौक से नेहरू चौक के बीच बिजली के तार व पोल बदलने के लिए बिजली गुल रही।
इस दौरान उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ी। पंखा, कूलर बेकार साबित होने से लोग उमस भरी गर्मी से जूझते रहे। ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति और भी बदतर हो गई है। संवाद