धर्मसिंहवा। कुर्बानी पर्व पर स्थानीय थाना क्षेत्र के मुसहरा में शांति व्यवस्था बनी रहे इसको लेकर शुक्रवार शाम में ही यहां पर भारी फोर्स तैनात कर दी गई है, मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कुर्बानी योग्य 12 बकरों को घरों से निकलवा कर गांव में ही स्थित एक मदरसे में डॉक्टर की देखरेख में रखवा दिए गए हैं।
यहां पर तीन दिनों तक फोर्स तैनात रहेगी। 2007 में परंपरा ना होने के बाद भी कुर्बानी हो जाने पर विवाद उपज गया था आगजनी व लूटपाट व मारपीट की घटनाएं किए जाने का आरोप लगा था। घटना के बाद सैकड़ों लोग आरोपी बने और जेल भी गए थे। तब से प्रशासन सतर्क रहता है। कुर्बानी त्योहार से एक दिन पहले शुक्रवार को गांव मुसहरा में एक प्लाटून पीएसी तैनात कर दी गई। एसओ सरोज शर्मा ने बताया कि थाने की फोर्स के साथ एक प्लाटून पीएसी के अलावा गांव में पुलिस लाइंस से कुल 33 महिला एवं पुरुष आरक्षी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा एक इंस्पेक्टर 6 सब इंस्पेक्टर भी तैनात रहेंगे।
एसओ ने बताया कि त्योहार समाप्त होने के बाद सभी बकरे सुपुर्द कर दिए जाएंगे।