रोकें अपराध नहीं तो कुर्सी छोड़ने को रहे तैयार
पुलिस लाइंस सभागार में अपराध की समीक्षा बैठक में एसपी ने पुलिसकर्मियों को चेताया
कहा-कोतवाली में हुई बाप-बेटे की हत्या का शीघ्र करें पर्दाफाश
संतकबीरनगर। अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाएं। घटनाओं का यथाशीघ्र निस्तारण करें। फरियादियों की समस्याएं संवेदना पूर्वक सुनें। अपराध रोकने में अक्षम थानाध्यक्ष हटाए जाएंगे। यह बातें एसपी सोनम कुमार ने सोमवार देर शाम पुलिस लाइंस सभागार में अपराधों की समीक्षा बैठक के दौरान कहीं। वे सख्त तेवर में नजर आए और हर हाल में व्यवस्था में सुधार की जरूरत बताई।
एसपी ने कहा कि चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए रात्रि गश्त तेज किए जाने की जरूरत है। पुलिस कर्मियों को क्षेत्र में भ्रमणशील रखने के साथ हर छोटी-बड़ी घटनाओं की समय से सूचना मिले, इसके लिए सूचनातंत्र को मजबूत किए जाने की जरूरत है। कोतवाली क्षेत्र में घटित इमिलडीहा में बाप-बेटे की हत्या का पर्दाफाश किए जाने के लिए गठित टीमें सक्रियता से काम करें, ताकि अविलंब घटना का पर्दाफाश हो सकें। साथ ही चोरी की ऐसी घटनाएं, जिसका अनावरण अब तक नहीं हुआ है, उसका भी पर्दाफाश करें। कच्ची शराब का निर्माण और बिक्री न होने पाए, इसकी जिम्मेदरी तय करें। हत्या, दुष्कर्म, लूट, डकैती, चोरी, अपहरण जैसे अपराधों पर पूर्णतया अंकुश लगाए। किशोरियों को बहला-फुसला कर भगाने की घटनाएं बढ़ रही हैं। इस पर अंकुश लगाया जाए। अपहृत किशोरियों की खोजबीन सुनिश्चित की जाए। महिला संबंधी अपराधों को अंजाम देने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। अवैध शस्त्रों, मादक पदार्थों की बरामदगी की दिशा में प्रयास हो। गौ-तस्करी/गौकसी के अपराधों पर पूर्णतया प्रतिबंध हो। जन शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय से की जाए। उच्चाधिकारियों के आदेश-निर्देश का पालन करने में कोताही न बरती जाए। लंबित विवेचनाओं का निस्तारण पूर्ण कराएं। एसपी ने साफ कहा कि अपराध रोकने में अक्षम थानाध्यक्ष हटाए जाएंगे। इस दौरान एएसपी संतोष कुमार सिंह, सीओ सदर, अशुंमान मिश्र, सीओ मेंहदावल अंबरीष भदौरिया, सीओ धनघटा राम प्रकाश, कोतवाल विजय नरायन, एसओ सर्वेश राय, एसओ केडी सिंह, एसओ जयवर्द्धन सिंह और एसओ रवींद्र सिंह आदि उपस्थित थे।