10 सितंबर तक हर हाल में पूर्ण कराएं कार्य : डीएम
परिषदीय विद्यालयों में कायाकल्प के तहत कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा हुई
संतकबीरनगर। बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित परिषदीय विद्यालयों में 19 मूलभूत सुविधाओं के ऑपरेशन कायाकल्प के तहत कराए गए कार्यों की समीक्षा कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में हुई। इसमें डीएम ने निर्देश दिया कि 10 सितंबर तक कार्य हर हाल में पूर्ण कराएं।
डीएम ने समीक्षा बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी विद्यालयों में शुद्ध पेयजल, बालक-बालिका के अलग-अलग शौचालय एवं मूत्रालय, शौचालयों एवं मूत्रालयों में टाइलीकरण एवं रनिंग वाटर, मल्टीपल हैंडवाश, रैम्प एवं रेलिंग, विद्यालयों में रंगाई पुताई के आदि के कार्य पूर्ण करा लिया जाए। दिव्यांग शौचालय का कार्य प्रत्येक ग्राम पंचायत में संचालित परिषदीय विद्यालयों में प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। विद्यालयों में चहारदीवारी का निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर मनरेगा के माध्यम से कराया जाए। विद्यालयों में विद्युत कनेक्शन के लिए झटपट पोर्टल पर तत्काल रजिस्टेशन की कार्रवाई पूर्ण कराएं। डीएम ने कहा कि सीडीओ संबंधित अधिकारियों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक करेंगे एवं रिपोर्ट से अवगत कराएंगे। समस्त खंड विकास अधिकारी एवं समस्त खंड शिक्षा अधिकारी प्रत्येक बुधवार को विकास खंड पर समीक्षा बैठक करेंगे। डीएम ने सभी खंड विकास अधिकारियों एवं खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी विद्यालयों में शौचालय, शौचालय में पानी की व्यवस्था एवं पीने के पानी की व्यवस्था पूर्ण कराते हुए रैंप/रेलिंग जहां भी टूटी हो, उसे अवश्य पूर्ण कराएं, अन्यथा संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में एडीएम मनोज कुमार सिंह, डीडीओ सुदामा प्रसाद, डीपीआरओ राजेंद्र प्रसाद, बीएसए अतुल कुमार तिवारी, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित बीडीओ व खंड शिक्षा अधिकारी मौजूद थे।