पीएचसी हरिहरपुर की ओर जाने वाले चकरोड पर उगी घास।
- फोटो : KHALILABAD
पगडंडी से अस्पताल तक जाने के लिए मजबूर
हरिहरपुर पीएचसी तक जाने के लिए नहीं बन सकी सड़क
हरिहरपुर(संतकबीरनगर)। करीब छह साल से पीएचसी हरिहरपुर तक जाने के लिए सड़क नहीं बन सकी है। ऐसे में मरीजों व तीमारदारों को मुख्य सड़क से पीएचसी पर जाने के लिए पगडंडी का सहारा लेना पड़ता है। बरसात के मौसम में इस मार्ग पर आना-जाना मुश्किल हो गया है।
खलीलाबाद-महुली मुख्य सड़क से पीएचसी हरिहरपुर तक जाने के लिए सड़क का निर्माण नहीं हो सका है। जिम्मेदारों की उदासीनता का खामियाजा केंद्र पर इलाज के लिए आने वाले मरीज और तीमारदार भुगत रहे हैं। बारिश के मौसम में इस पगडंडी पर पैदल चलना किसी दुश्वारी से कम नहीं है। फिसलन भरे राह पर दो पहिया वाहन फिसल जा रहे हैं। अस्पताल तक जाने वाले चकरोड पर जगह-जगह गड्ढे बन जाने से चार पहिया वाहन भी अस्पताल तक नहीं जा पा रहे हैं। क्षेत्र के अमित श्रीवास्तव, दिनेश आदि ने नगर पंचायत प्रशासन से सड़क की मरम्मत की मांग की है। इस संबंध में नगर पंचायत हरिहरपुर के ईओ मनोज श्रीवास्तव का कहना है कि नगर प्रशासन की ओर से पीएचसी पर जाने वाली सड़क के निर्माण के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। स्वीकृति मिलते ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।