मेंहदावल बाईपास पर बस का इंतजार करते सवारी स्रोत संवाद
संतकबीरनगर। विजयदशमी पर्व के चलते लगातार तीन दिन की छुट्टियों के बाद बुधवार को सरकारी कार्यालय खुलने के साथ ही यात्रियों की आवाजाही बढ़ गई। कामकाज के सिलसिले में अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए निकले लोगों की भीड़ बसों में उमड़ पड़ी। खलीलाबाद शहर के मेंहदावल बाईपास समेत अन्य बस अड्डों पर यात्रियों की भीड़ के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सरकारी बसों में जगह नहीं मिलने पर कई यात्रियों को निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ा।
विजयदशमी के अवसर पर लगातार तीन दिन की छुट्टियां होने के कारण बड़ी संख्या में लोग अपने घरों पर थे। छुट्टियां समाप्त होने के बाद बुधवार सुबह से ही लोग नौकरी, कारोबार और अन्य जरूरी कामकाज के लिए अपने गंतव्य की ओर रवाना होने लगे। इसके चलते बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ गई। बस अड्डों पर बसों के इंतजार में यात्रियों की भीड़ लगी रही।
सरकारी बसों में सीट पाने के लिए यात्रियों को मशक्कत करनी पड़ी। कई बसें यात्रियों से खचाखच भरी नजर आईं। बसों में जगह नहीं मिलने के कारण यात्रियों को अगली बस का इंतजार करना पड़ा। वहीं, समय से अपने गंतव्य तक पहुंचने की मजबूरी में कुछ लोगों ने निजी वाहनों और अन्य साधनों का सहारा लिया।
त्योहार की छुट्टियों के बाद अचानक बढ़ी भीड़ से यात्रियों को आवागमन में दिक्कत हुई। खासकर नौकरीपेशा लोगों और जरूरी काम से यात्रा करने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बुधवार को सरकारी कार्यालय खुलने के साथ ही सड़कों पर भी सामान्य दिनों की तुलना में अधिक आवाजाही देखने को मिली।