कई बार कहने के बाद भी वीडियो और फोटो को डिलीट नहीं कर रहा था। इसके बाद वह रील बनाने के नाम पर सिवान में ले जाकर पिलाई शराब और हत्या कर दी। मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि पुलिस को प्रेम-प्रसंग में ऑटो चालक की हत्या होने के सुराग लगे थे। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के इमलीडीहा गांव निवासी अनुज चौहान ने वारदात को अंजाम दिया है। इसके बाद पुलिस टीम आरोपी की तलाश में लग गई और लगातार उसकी लोकेशन ट्रेस कर रही थी।
हत्या के दिन उसने किसी दूसरे के मोबाइल से हिदायतुल्लाह को फोन कर रील बनाने के लिए बुलाया। शाम को हिदायतुल्लाह आया तो वह उसकी मोटरसाइकिल से अंधेरा होने तक इधर-उधर घूमता रहा। अंधेरा होने पर वे रील बनाने के लिए अमरडोभा गांव के सिवान में पहुंचे और शराब पी। इसके बाद उसने पत्नी के फोटो व वीडियो डिलीट करने के लिए कहा तो हिदायतुल्लाह तैयार नहीं हुआ तो उसने गुस्से में पास अपने पास रखे चाकू से हिदायतुल्लाह की गर्दन और पेट पर वार कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह छिपकर रह रहा था।
धारदार हथियार से 18 बार प्रहार कर की हत्या
बेलहरकला थानाक्षेत्र के अमरडोभा गांव के सिवान में 26 मार्च की सुबह एक युवक की लाश पाई गई। जिसका गला कटा हुआ था। इसके साथ ही उसके पेट पर भी कटने और खरोंचने के निशान थे। पुलिस ने उस लाश को अज्ञात मानकर मोर्चरी में रखा था। इसी बीच कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के टेमा रहमत गांव के निवासी लायकुल्लाह ने 27 मार्च को जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंचकर शव की शिनाख्त अपने 22 वर्षीय बेटे हिदायतुल्लाह के रूप में की। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह बात निकलकर सामने आई कि उसके गले पर 18 बार धारदार हथियार से हमला किया गया है।
टीम को 25 हजार का इनाम
इस घटना के पर्दाफाश के लिए एसपी ने पुलिस टीम के लिए 25 हजार रुपये इनाम की घोषणा की है। इस टीम में बेलहर थानाध्यक्ष रजनीश राय, एसएसआई ओपी यादव, हेड कांस्टेबल विजय सिंह, कांस्टेबल प्रवीण कुमार, रोहित कुमार, बृजेश सिंह, रविंद्र निषाद व राहुल कुमार तथा जिले की सर्विलांस टीम शामिल है।
मारा नहीं था... चीर-फाड़कर रख दिया
हत्यारे अनुज उर्फ शिवा चौहान के ऊपर इस हत्या का कोई फर्क नहीं दिखाई दे रहा था। उसके अंदर आज भी ऑटो चालक हिदायतुल्लाह को लेकर आक्रोश का था। लोग लगातार पूछ रहे थे कि आखिर उसने किस चीज से उसकी हत्या की थी? कई बार पूछने के बाद वह आक्रोशित हो गया और बोला- मारा नहीं था... चीर फाड़कर रख दिया था उसको। इतना बोलने के बाद वह फिर चुप हो गया।