एचआरपीजी कॉलेज में हगामें के बाद पहुंची पुलिस।संवाद
- फोटो : KHALILABAD
एचआरपीजी कॉलेज में बाहरी छात्र के परिसर में प्रवेश पर हंगामा
सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से मामले को शांत कराया
18 अक्तूबर के बाद कभी भी हो सकता है चुनाव, डीएम ने दी अनुमति
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। एचआरपीजी कॉलेज में छात्र संघ चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। शनिवार को कॉलेज परिसर में बाहरी छात्र के प्रवेश को लेकर छात्र नेताओं के दो गुट आपस में भिड़ गए। सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंच गई और किसी तरह से मामले को शांत कराया। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि 18 अक्तूबर के बाद कभी भी चुनाव की तिथि घोषित की जा सकती है। इसके लिए डीएम ने अनुमति दे दी है।
छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर छात्र नेता आए दिन कॉलेज परिसर में हंगामा कर रहे हैं। इसके साथ ही अपने-अपने पक्ष में प्रचार भी कर रहे और छात्र-छात्राओं से अपना परिचय देकर अपने पक्ष में मतदान करने की अपील भी कर रहे है। विभिन्न पदों के लिए छात्र नेताओं ने होर्डिंग व बैनर भी लगा लिए हैं। शुक्रवार को कुछ छात्र नेता कॉलेज परिसर में घुस गए और एक बाहरी छात्र नेता को लेकर बवाल करने लगे। इस दौरान मुख्य गेट पर काफी देर तक हंगामा करते रहे। कॉलेज प्रशासन पर बाहरी छात्र नेता को शह देने का आरोप लगाने लगे। इसके बाद कॉलेज प्रशासन की सूचना पर गोला चौकी इंचार्ज अनिरुद्ध सिंह फोर्स के साथ पहुंचे और छात्रों को समझा-बुझाकर बाहर किया। इसके बाद भारी-भरकम पुलिस बल मुख्य गेट पर तैनात कर दिया गया। इस दौरान कॉलेज में पठन-पाठन भी ठप रहा। बिना परिचय पत्र के किसी भी छात्र को कॉलेज परिसर में नहीं जाने दिया गया। कॉलेज प्रशासन ने बैठक कर 18 अक्तूबर के बाद चुनाव कराए जाने की सहमति दी है। इसको लेकर तैयारी भी तेज हो गई है।
छात्र संघ चुनाव को लेकर डीएम से अनुमति मिल गई है। 18 अक्तूबर के बाद चुनाव की तिथि घोषित कर दी जाएगी और उसी के अनुरूप चुनाव कराया जाएगा। इसकी तैयारी की जा रही है। कुछ छात्र नेता बाहरी छात्र के प्रवेश को लेकर नाराज थे। जिन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया गया। बिना परिचय पत्र के किसी भी छात्र को परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
-डॉ. मंजू मिश्रा, प्राचार्य एचआरपीजी कॉलेज