धर्मसिंहवा। स्थानीय नगर पंचायत के लोगों को नए वर्ष 2026 में शहरी बिजली आपूर्ति मिलने लगेगी। नगर पंचायत सृजन के तीन वर्ष बाद तक अभी भी यहां के लोगों को ग्रामीण बिजली आपूर्ति मिलती रही है। बौरव्यास फीडर में पांच एमबीए का ट्रांसफार्मर और फीडर लगाकर नगर पंचायत के लिए नई लाइन दौड़ाई जा रही है। अब यहां के लोगों को लोकल फाल्ट, लो वोल्टेज की समस्या से निजात मिल जाएगी।
17 सितंबर 2022 को शासन द्वारा धर्मसिंहवा को नगर पंचायत का दर्जा की मंजूरी मिली थी। अब तक तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी यहां की बिजली आपूर्ति ग्रामीण ही बनी रही। सबसे बड़ी बात यह रही कि नगर पंचायत की बिजली आपूर्ति सिद्धार्थनगर के खेसरहा उपकेंद्र से होती रही। बिजली की आपूर्ति की स्थिति बेहद ही खराब रहती है। गर्मी और बरसात में लोकल फाल्ट और लो वोल्टेज यहां की सबसे बड़ी समस्या रही। आए दिन बिजली की समस्या को लेकर शासन प्रशासन में आम जनता व जनप्रतिनिधियों द्वारा पत्राचार किए जाते रहे। जिस पर अब निगम ने शहरी सप्लाई के लिए धर्मसिंहवा के लिए अलग से बौरव्यास उपकेंद्र पर पांच एमबीए का ट्रांसफार्मर लगवाना शुरू कर दिया है। रूट मैप बनाकर जगह-जगह पोल भी गिरा दिए गए हैं। विभागीय लोगों का माने तो नववर्ष 2026 के फरवरी मार्च तक नगर पंचायत धर्मसिंहवा के 15 वार्डों में 22 घंटे की बिजली आपूर्ति शुरू हो जाएगी। जबकि वर्तमान में उन्हें 18 घंटे बिजली मिल रही है।
एक करोड़ 74 लाख की लागत से बन रही नई लाइन
नगर पंचायत धर्मसिंहवा को शहरी बिजली आपूर्ति देने के लिए शासन द्वारा एक करोड़ 74 लख रुपये आवंटित किए गए हैं। इसके अंतर्गत 5 एमबीए का ट्रांसफार्मर, लगभग 14 किलोमीटर की दूरी तक नगर क्षेत्र के वार्डों में नए तार व पोल दौड़ाए जाएंगे। अब नगर पंचायत क्षेत्र के लोगों को 22 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।
नगर पंचायत धर्मसिंहवा को शहरी बिजली आपूर्ति के लिए बौरव्यास उपकेंद्र पर पांच एमबीए का ट्रांसफार्मर लगाए जाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। जल्द ही पोल लगाकर तार जोड़कर लाइन बना दी जाएगी। नए वर्ष में बिजली सप्लाई चालू हो जाएंगी।
- पीके गुप्ता, अधिशासी अभियंता विद्युत मेंहदावल