संतकबीरनगर। खलीलाबाद नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के मुख्य मार्गों पर फैले अवैध अतिक्रमण के खिलाफ शुक्रवार की देर शाम बड़ा अभियान चलाया। सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से लगाई गई दुकानें, ठेले और अन्य सामान को हटाया गया। लोगों ने फुटपाथ पर पूरी तरह कब्जा जमा रखा था, जिससे राहगीरों को चलना तक मुश्किल हो रहा था। इसके साथ नाली के बाहर निकले टीन शेड को भी तोड़ दिया।
नगर पालिका के कर्मियों ने मेंहदावल बाईपास से जेसीबी लगाकर सड़क की पटरियों व नालियों पर हुए अतिक्रमण को तोड़ दिया। अधिशासी अधिकारी अवधेश कुमार ने बताया कि लोगों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि फुटपाथ पर कब्जा होने से पैदल चलना दूभर हो गया है। इसको लेकर चेतावनी दी गई थी। अब सख्ती बरती जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान निरंतर चलेगा और दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नोटिस जारी कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण करने वालों को नोटिस भी जारी की जाएगी। अगर वह दुबारा अतिक्रमण करते है तो जुर्माना भी लगाया जाएगा। इसके साथ ही नियमानुसार केस दर्ज कराने की कार्रवाई भी होगी। ऐसे में लोग पटरियों पर दुकानें न लगाए। जिससे की लोगों को समस्या न हो। बताया कि अभियान मेंहदावल बाईपास से लगायत गोला बाजार तक चलाया गया है। अतिक्रमण हटाने के बाद फुटपाथ फिर से चौड़ा और साफ-सुथरा दिखाई देने लगा। टीम में नगर पालिका के उमेश चौधरी, राधे श्याम, गोरख यादव, पंकज बाबू समेत कोतवाली पुलिस मौजूद रहे।