डीएम की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। संवाद
संतकबीरनगर। डीएम आलोक कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को जिला उद्योग बंधु समिति, जिला निर्यात प्रोत्साहन समिति, पीएम विश्वकर्मा जिला क्रियान्वयन समिति एवं विभाग की तरफ से संचालित स्वरोजगारपरक योजनाओं की समीक्षा बैठक कलक्ट्रेट सभागार में हुई। डीएम ने निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित प्रकरणों का निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
उपायुक्त उद्योग राजकुमार शर्मा ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगारपरक योजनाओं मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद वित्त पोषण योजना की प्रगति के संबंध में समिति को अवगत कराया। डीएम ने अग्रणी जिला प्रबंधक एवं उपायुक्त उद्योग को निर्देशित किया कि सीएम युवा अभियान को व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कराते हुए निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति समयबद्ध सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के अंतर्गत प्राप्त एमओयू एवं जीबीसी के लिए तैयार प्रस्तावों पर समीक्षा की गई। विशाल श्रीवास्तव उद्यमी मित्र ने अवगत कराया गया कि जनपद के लिए 2000 करोड़ का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इसके सापेक्ष अब तक कुल 1107 करोड़ का जीबीसी रेडी पोर्टल पर कर दिया गया है।
बैठक में सीडीओ ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वे जीबीसी के लिए अधिक से अधिक एमओयू हस्ताक्षरित कराएं, जिससे जनपद का लक्ष्य पूर्ण हो सके। उपायुक्त उद्योग ने पीएम विश्वकर्मा योजना के संबंध में गठित समिति के समक्ष योजना की अद्यतन प्रगति से अवगत कराया।
सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपायुक्त उद्योग से समन्वय करते हुए पीएम विश्वकर्मा योजनांतर्गत प्राप्त सूची का भौतिक सत्यापन करते हुए पात्र एवं अपात्र सूची उपायुक्त उद्योग को उपलब्ध कराएं। इंडस्टि्रयल एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंद पाठक ने औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा के मद्देनजर जल्द चौकी निर्माण की मांग की।
बैठक में लीड बैंक मैनेजर पवन कुमार सिन्हा, एआरटीओ प्रियंवदा सिंह, उपायुक्त जीएसटी राजेश पांडेय, जिला उद्यान अधिकारी समुद्रगुप्त मल्ल आदि मौजूद रहे।