संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां। दुधारा थाना क्षेत्र के बीएमसीटी मार्ग पर स्थित चौरहा सरयू नहर पुल के पास एक कार व बाइक में भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाइक पर सवार तीन छात्र घायल हो गए। लोगों ने उन्हें सीएचसी सेमरियावां पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डाॅक्टरों ने दो छात्र को मरहम-पट्टी कर छुट्टी दे दी, जबकि घायल एक छात्र को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मूड़ाडीहाबेग गांव के तीन छात्र पैड़ी के पास उसरा शहीद स्थिति एक निजी स्कूल में पढ़ते हैं। दोपहर लगभग एक बजे स्कूल से छुट्टी के बाद तीनों छात्र नोमान (17), मोहम्मद एहतेशाम (15) और मोहम्मद अहमद (14) वर्ष एक बाइक से घर आ रहे थे। बाइक नोमान चला रहा था। बाइक चौरहा सरयू नहर पुल के पास एक कार से टकरा गई। इस हादसे में तीनों सड़क पर गिर गए और घायल हो गए। घायलों का प्राथमिक इलाज किया गया, जबकि एक छात्र को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।