सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता की अचानक तबीयत बिगड़ी
पुलिस पीड़िता को लेकर जिला अस्पताल पहुंची, उपचार कराई
स्वास्थ्य में सुधार होने पर कोर्ट में दर्ज कराया बयान
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। चार दिन पूर्व बखिरा क्षेत्र में हुए सामूहिक दुष्कर्म की पीड़िता की तबीयत शुक्रवार को अचानक बिगड़ गई। पुलिस पीड़िता को लेकर जिला अस्पताल पहुंची और उपचार कराई। उसके बाद पीड़िता को बयान दर्ज कराने के लिए कोर्ट ले गई। इस घटना के चारों आरोपियों को पुलिस जेल भेज चुकी है।
पारिवारिक विवाद की शिकायत करने 28 वर्षीय महिला सोमवार को महिला थाने पर आई थी। वापस जाते दौरान खलीलाबाद में उसकी मुलाकात बखिरा क्षेत्र के सांगठ गांव निवासी दुर्गेश गौड़ से हुई। बातचीत के बाद आरोपी से महिला ने घर तक पहुंचाने के लिए लिफ्ट मांगा। आरोपी दुर्गेश बाइक से लेकर महिला को बखिरा क्षेत्र के मलेन गांव पहुंच गया। मलेन गांव निवासी अपने परिचित शैलेंद्र, कमलेश और रामजी को बुला लिया। रात में एक स्कूल में चारों आरोपियों ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। मंगलवार को महिला बखिरा थाने पर पहुंची और पुलिस को तहरीर दी थी। उसके बाद पुलिस आरोपी दुर्गेश, शैलेंद्र, कमलेश और रामजी के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया था। चारों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
एसओ चंदन कुमार ने बताया कि शुक्रवार को महिला की तबीयत खराब हो गई थी। महिला को जिला अस्पताल ले जाया गया। बाद में तबीयत में सुधार होने पर महिला का 164 का कोर्ट में बयान दर्ज कराया गया। साथ में महिला का पति भी था। पूछने पर दोनों पारिवारिक विवाद बताए, लेकिन दोनों ने आपस में सहमति से बातचीत की।