शहर को मिलेगी जलजमाव से निजात
- मुखलिसपुर तिराहे पर बड़ा नाला और पुलिया बनाने का कार्य शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। बारिश के मौसम में शहर के गोला बाजार में हो रहे जलजमाव से मुक्ति दिलाने के लिए नगर पालिका परिषद ने मुुखलिसपुर तिराहे पर नाला बनवाने का कार्य शुरू कर दिया है। जिससे अब लोगों को बारिश के मौसम में जलजमाव से मुक्ति मिल जाएगी।
नगर पालिका के चेयरमैन श्याम सुंदर वर्मा ने बताया कि बारिश के समय जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने पाने के कारण गोला बाजार में लोगों को जलजमाव से जूझना पड़ता था। इसे लेकर माइक्रो प्लान तैयार किया गया है, ताकि लोगों को जलजमाव से मुक्ति मिल जाए। उन्होंने बताया कि शहर के मुुखलिसपुर तिराहे पर बड़ा नाला और पुलिया का निर्माण शुरू हो गया है। इस नाले को रेलवे लाइन किनारे बने बड़े नाले में मिलाया जाएगा। जिससे शहर में हो रहे जलजमाव का पानी सीधे नाले में जाकर रेलवे लाइन के नाले में चला जाएगा। जिससे शहर में जलजमाव नहीं हो सकेगा। उन्होंने बताया कि इसी तरह से मेंहदावल बाईपास के पास भी निर्माण कराए जाने की योजना है। उन्होंने कहा कि पूरे शहर को बारिश के समय होने वाले जलजमाव से मुक्ति दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही जलनिकासी की व्यस्था दुरुस्त होगी और लोगों को जलजमाव से निजात मिलेगी।