प्रवेश के नाम पर हड़पे 11. 25 लाख
डीफार्मा और एलएलबी में प्रवेश कराने के नाम पर नौ लोगों से की जालसाजी
कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज किया जालसाजी और गबन का केस
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। कोर्ट के आदेश पर सोमवार की देर शाम कोतवाली पुलिस ने हरियाणा के भिवानी के रहने वाले एक शख्स के खिलाफ जालसाजी और गबन का केस दर्ज किया। आरोप है कि आरोपी ने नौ छात्रों का डीफार्मा और एलएलबी मेें प्रवेश कराने के नाम पर सवा ग्यारह लाख रुपये लेकर हड़प लिया। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
खलीलाबाद शहर के बंजरिया पश्चिमी निवासी मुकेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि वह खलीलाबाद में सफलता इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस स्टडीज नाम से छात्रों का प्रवेश ऑनलाइन करने व अन्य कोर्स में डॉयरेक्ट मय मैनेजमेंट कोर्स में दाखिला कराने का काम करते हैं। आरोप है कि वर्ष 2015 में उनकी मुलाकात हरियाणा के ग्राम पोस्ट भिवानी के रहने वाले कुलदीप उर्फ कुलदीप सिंह से हुई। कुलदीप सिंह ने खुद को प्रबंधक होना बताया। उसने छात्रों का प्रवेश डीफार्मा, एलएलबी पाठ़यक्रम में कराने का प्रस्ताव गीतांजलि विश्वविद्यालय उदयपुर, राजस्थान व कानपुर विश्वविद्यालय तथा मानव भारती विश्वविद्यालय सोलन हिमाचल में कराने का प्रस्ताव रखा, जिस पर वह तैयार हो गए। उनके माध्यम से कुल नौ छात्रों ने, जिसमें आठ डीफार्मा और एलएलबी में प्रवेश के लिए इच्छा जाहिर की। उन्होंने विपक्षी पर विश्वास करके आठ छात्रों का डीफार्मा में प्रवेश के लिए दस लाख रुपये अपने खाते से विपक्षी के खाते में ट्रांसफर कर दिए। जबकि एलएलबी में प्रवेश के लिए एक छात्र का डेढ़ लाख रुपये अपने उसी खाते से विपक्षी के खाते में ट्रांसफर कर दिए। सभी छात्र जब विपक्षी के जरिए दिए गए प्रवेश पत्र पर परीक्षा देने गए तो उन्हें वहां से वापस कर दिया गया। वहां परीक्षार्थियों का कोई रिकॉर्ड मौजूद नहीं था। आरोप है कि विपक्षी ने उसका साढ़े ग्यारह लाख रुपये लेकर हड़प लिया। ईमेल आईडी व नंबर पर फोन करने पर 25 हजार रुपये वापस किया। पुलिस को तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इससे मजबूर होकर कोर्ट की शरण लेनी पड़ी। कोतवाल अनिल कुमार ने बताया कि इस मामले में आरोपी कुलदीप उर्फ कुलदीप सिंह निवासी भिवानी हरियाणा के खिलाफ जालसाजी और गबन का केस दर्ज किया गया।