अंतरजनपदीय टप्पेबाज गिरोह के सरगना समेत चार गुर्गे गिरफ्तार
दो बाइक, 8500 रुपये नकद, प्रेस कार्ड और कागज की गड्डी बरामद
गोरखपुर में तीन और दुधारा में एक घटना को दिया था अंजाम
संतकबीरनगर। दुधारा पुलिस ने शनिवार को सेमरियावां स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा के पास से अंतरजनपदीय टप्पेबाज गिरोह के सरगना समेत चार गुर्गों को गिरफ्तार किया है। टप्पेबाजों के पास से दो बाइक, 8500 रुपये, प्रेस कार्ड और कागज की गड्डी बरामद हुआ।
टप्पेबाजों ने गोरखपुर जिले में तीन और दुधारा क्षेत्र में एक घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। सीओ सदर अंशुमान मिश्र ने पत्रकार वार्ता में बताया कि दुधारा के एसओ सर्वेश राय ने एसबीआई सेमरियावां शाखा के पास से चार टप्पेबाजों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान प्रीतम कुमार निवासी चेरूईया थाना कप्तानगंज जनपद बस्ती, संजय कुमार निवासी लबदहा थाना हरैया जनपद बस्ती, चंद्रिका कश्यप निवासी रेडवल थाना छावनी जनपद बस्ती एवं अशोक कुमार निवासी वीरपुर खरहरा थाना छावनी जनपद बस्ती के रूप में हुई।
संजय कुमार और अशोक कुमार के पास से दो बाइक मिली। जबकि दिव्यांग प्रीतम कुमार के पास से 500-500 की पांच नोट व 200 रुपये का एक नोट मिला। उसके पास से 2700 रुपये, कागज की गड्डी और प्रेस कार्ड भी मिला। संजय कुमार के पास से 1500 रुपये और चंद्रिका के पास से 2500 रुपय व अशोक कुमार के पास से 1700 रुपये मिले।
आरोपियों ने बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है। गिरोह का सरगना प्रीतम कुमार है। वह लोग बस्ती, संतकबीरनगर, गोरखपुर, फैजाबाद में बैंक व ग्राहक सेवा केंद्र के आसपास रकम जमा करने आए लोगों की निगरानी करते हैं। बातचीत कर उन्हें विश्वास में लेकर कागज की गड्डी को रुपये बताकर देते हैं और उनसे असली रकम लेकर मौके से भाग जाते हैं। आरोपियों ने बताया कि 28 जून को सेमरियावां स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा के पास से एक महिला को विश्वास में लेकर कागज की गड्डी थमा कर दस हजार रुपये लेकर भाग गए थे।
29 अप्रैल को कस्बा संग्रामपुर उनवल गोरखपुर में एक व्यक्ति को एक लाख रुपये बताकर कागज की गड्डी थमाकर उससे 18 हजार रुपये ले लिए थे। छह मई को खजनी में यूनियन बैंक की शाखा के पास एक व्यक्ति की साइकिल से झोला चुराकर भाग गए थे। झोले में 50 हजार रुपये थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि किसी भी घटना में प्राय: गैंग के सरगना प्रीतम कुमार पहले अंदर जाता है और अपनी जेब में हमेशा प्रेस कार्ड रखता है। यदि कोई पूछताछ करता है तो खुद को प्रेस रिपोर्टर बताकर वहां से निकल लेता है।
...
गैंग सरगना पर दर्ज हैं 14 मुकदमे
सीओ सदर अंशुमान मिश्र ने बताया कि पकड़े गए आरोपी प्रीतम कुमार के खिलाफ बस्ती, बलरामपुर, अयोध्या, संतकबीरनगर जिले के अलग-अलग थानों में 14 मुकदमे दर्ज हैं। इसके खिलाफ गैंगस्टर, एनडीपीएस एक्ट, जालसाजी, चोरी के सामान की बरामदगी आदि के मुकदमे दर्ज हैं। जबकि आरोपी संजय कुमार के खिलाफ बस्ती, गोरखपुर में छह मुकदमे दर्ज हैं। चंद्रिका कश्यप के खिलाफ भी दो मुकदमे दर्ज हैं।