दो माह से नहीं हुई फॉगिंग, शहरवासियों का जीना हुआ मुहाल
उपलब्ध हैं छह मशीनें, मच्छर जनित बीमारी होने की बढ़ी आशंका
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। नगर पालिका परिषद खलीलाबाद में दो महीने से फॉगिंग नहीं हुई है। इस कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। वहीं, सीमा विस्तार वाले क्षेत्रों में साफ-सफाई भी ठीक से नहीं हो रही है। गंदगी की वजह से इन क्षेत्रों में लोग अधिक परेशान हैं। रात में मच्छरों की वजह से लोग ठीक से सो नहीं पा रहे हैं। मच्छर जनित बीमारियां फैलने की आशंका से लोग चिंतित हैं।
वर्तमान में नगर पालिका परिषद क्षेत्र में 25 वार्ड हैं। पालिका प्रशासन के मुताबिक फॉगिंग के लिए अलग से कोई बजट नहीं है। अन्य मदों में से ही फॉगिंग कराई जाती है। फॉगिंग के लिए नगर पालिका परिषद खलीलाबाद के पास छह मशीने हैं, लेकिन यह मशीनें पिछले दो माह से खड़ी हैं। हाल ही में प्रभारी मंत्री के आगमन पर केवल दो वार्डों में फॉगिंग हुई थी। सीमा विस्तार वाले क्षेत्रों में तो नगर पालिका की नजर ही नहीं पहुंच रही है। वैसे मच्छरों के प्रकोप से समूचे शहरवासी परेशान हैं, लेकिन जिन क्षेत्रों में जलभराव की समस्या है, वहां मच्छरों का प्रकोप ज्यादा है। शहर में गोला बाजार, बंजरिया, अंसार टोला, बरदहिया बाजार, घोरखल, विधियानी, औद्योगिक नगर आदि ऐसे मोहल्ले हैं, जहां वर्तमान में नालियां जाम हैं। इन क्षेत्रों में सबसे ज्यादा मच्छरों का प्रकोप है।
---
मच्छरों के कारण कई तरह की बीमारियां फैलने की आशंका
मच्छरों से होने वाली बीमारियों में मलेरिया, फाइलेरिया, डेंगू, जापानी इंसेफेलाइिटस, जीका वायरस, चिकनगुनिया आदी मुख्य बीमारियां हैं। ऐसे में फॉगिंग न होने से लोगों में बीमारियों को लेकर चिंता बनी हुई हैं। शहर के निवासी संजय कुमार, प्रेमचंद्र, शिव कुमार आदि ने कहा कि नियमित रूप से शहर में फॉगिंग होनी चाहिए, लेकिन जब कोई वीआईपी आता है, तभी पालिका प्रशासन जागता है।
--
पालिका के पास छह मशीनें हैं। प्रत्येक मशीन को चार वार्डों में फॉगिंग कराने के लिए लगाया गया है। बीच में कुछ समय से फॉगिंग नहीं हो पाई थी, लेकिन अब इस दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
- श्याम सुंदर वर्मा, चेयरमैन
--
फॉगिंग के लिए अलग से कोई बजट नहीं मिलता है। सफाई के बजट से ही फॉगिंग कराई जाती है। वैसे शहर में फॉगिंग के लिए व्यवस्था निर्धारित की गई है। औद्योगिक नगर, घोरखल, स्टेशन पुरवा, विधियानी, मटिहना आदि क्षेत्रों में फॉगिंग कराई जाएगी।
- सुरेश मौर्य, ईओ नगर पालिका परिषद खलीलाबाद