- डीएम ने दिए निर्देश, सीडीओ ने 18 मई 2023 को विद्यालय का किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। सांथा के परसामाफी में बन रहे राजकीय इंटर कॉलेज में खामियां मिलने पर डीएम ने कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कारपोरेशन लिमिटेड बस्ती के परियोजना प्रबंधक से स्पष्टीकरण मांगा है।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि सीडीओ ने 18 मई 2023 को निर्माणाधीन विद्यालय का निरीक्षण किया था। जांच के समय मौके पर बीम की आरसीसी में हनीकॉन्ब पाया गया था। जिससे बीम की रिंग बाहर दिखाई दे रही थी। इससे यह प्रतीत होता है कि विभाग ने आरसीसी की मिक्सिंग पर ध्यान नहीं दिया। जांच के समय मौके पर बीम का टॉप लेबल अप डाउन है, जिससे बीम की ढलाई लेबल में नहीं की गई थी।
इसके बाद 28 नवंबर को बीडीओ रामानंद, सहायक अभियंता सिंचाई अजय कुमार और अवर अभियंता शिवेंद्र प्रताप ने निरीक्षण किया। जांच में भवन के काॅलम में रिंग की स्पेनिंग 300 एमएम पाई गई जबकि ड्राइंग के अनुसार 200 होनी चाहिए। काॅलम में सरिया कटिंग साइज एक समान रखा गया है। जबकि सरिया का कटिंग बदलते रहने चाहिए। इसी प्रकार 26 फरवरी को सीडीओ ने फिर निरीक्षण किया तो पाया कि काॅलम की स्टील स्लैब लेवल तक नहीं छोड़ी गई है। किसी भी काॅलम पर कास्टिंग डेट नहीं डाली गई है। इसको सही करने के लिए कहा गया था, पर लापरवाही बरती गई। डीएम ने बताया कि उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कारपोरेशन लिमिटेड बस्ती के परियोजना प्रबंधक से तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा गया है।