- टीमों को आज से दिया जाएगा प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रभारी अधिकारी निर्वाचन व्यय, सहायक व्यय प्रेक्षक, वीडियो निगरानी टीम, लेखा टीम, मीडिया प्रमाणन और अनुवीक्षण समिति, उड़नदस्ता टीम, स्थायी निगरानी टीम तथा व्यय अनुवीक्षण नियंत्रण कक्ष एवं काल सेंटर टीमों का गठन कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि उड़नदस्ता टीम भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव घोषणा के तिथि से क्रियाशील हो जाएगी, जो प्रभारी व्यय निर्वाचन (नोडल अधिकारी) के निर्देशानुसार कार्य करेगी।
डीएम ने बताया कि उक्त समस्त टीमों को प्रशिक्षण प्रभारी अधिकारी, निर्वाचन व्यय नोडल अधिकारी द्वारा दिया जाना है। जिसमें लेखा टीम का प्रशिक्षण एक मार्च को वरिष्ठ कोषाधिकारी के कक्ष में 11 बजे से दिया जाएगा। इसी प्रकार सहायक व्यय प्रेक्षक का प्रशिक्षण दो मार्च को 11 बजे से वरिष्ठ कोषाधिकारी कक्ष में आयोजित किया गया है। उड़नदस्ता टीम, वीडियो निगरानी टीम, वीडियो अवलोकन व स्थायी निगरानी टीम एवं सहायक व्यय प्रेक्षक का प्रशिक्षण पांच मार्च को तीन बजे से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित किया गया है। उन्होंने समस्त टीमों के सदस्यों को प्रशिक्षण में ससमय प्रतिभाग कर प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु निर्देशित किया है।