संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर के बरदहिया बाजार स्थित कपड़े की दुकान में सोमवार को आग लग गई। इससे लाखों के कपड़े जलकर राख हो गए। सूचना के बाद पहुंची दमकल की तीन गाड़ियों ने एक घंटे मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दुकानदार विजय गुप्ता ने बताया कि बरदहिया बाजार में उनका मकान है। इस मकान में वह कपड़े की दुकान चलाते हैं। 16 जून की सुबह आठ बजे के करीब दुकान में शॉर्ट सर्किट हो जाने के वजह से दुकान में आग लग गई। उनको जानकारी हुई तो तत्काल फायर सर्विस को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने तीन फायर टैंकर की मदद से आग पर काबू पाया। दुकानदार विजय गुप्ता ने बताया कि आग से उनका लगभग 35 लाख रुपये का कपड़ा जल गया, जबकि तकरीबन पांच लाख से अधिक की लेनदेन की खाता बही भी जल गई। इस दौरान करीब एक घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। बरदहिया क्षेत्र में बिजली के तारों का पूरा जाल फैला हुआ है। तार जर्जर हो चुके हैं। इसलिए इसमें स्पार्किंग भी होती रहती है। इस स्पार्किंग के चलते कभी भी कोई भीषण घटना हो सकती है। इस बाजार के सभी तारों को व्यवस्थित कराना बहुत ही आवश्यक है। दुर्गा मंदिर से लेकर डीघा बाईपास पर तारों को बदला नहीं गया है। अभी भी वही पुराने जर्जर तार पड़े हुए हैं।