जमीन के विवाद में दो पक्ष भिड़े, 14 घायल
- दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मढ़ा आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। क्षेत्र के गड़थवलिया गांव में सोमवार को जमीन के विवाद में दो पक्ष भिड़ गए। मारपीट में दोनों पक्षों के 14 लोग घायल हो गए। घटना से गांव में अफरा-तफरी का माहौल है।
क्षेत्र के गड़थवलिया गांव निवासी राजमन और हरकेश के बीच जमीन का विवाद चल रहा है। सोमवार को उसी विवाद में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर ईंट-पत्थर चले। राजमन पक्ष से मंजू देवी, प्रतिमा, शिवाजी, गौरव, सीमा देवी, नंदनी घायल हो गईं। जबकि दूसरे पक्ष से हरिकेश, कुंदन, संगीता, धरमवीर, जूली, रविंद्र, कॉजल, संध्या को चोटें लगी हैं। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में एसओ केडी सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी है। सभी घायलों को परीक्षण कराने के लिए अस्पताल भेजा गया है। दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर उचित कार्रवाई की जाएगी।