खाना खाने के विवाद में घराती-बराती भिड़े
- पुलिस ने लोगों को समझाकर संपन्न कराई शादी
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। दुधारा क्षेत्र के गातूखोर गांव में मंगलवार को बरात में खाना खाने के विवाद में घराती और बराती भिड़ गए। दोनों पक्षों में जमकर लात-घूसे चले। जिसमें दो लोगों को चोटें आई है। घटना से अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस के हस्तक्षेप कर विवाद शांत कराया।
दुधारा क्षेत्र के गातूखोर गांव में एक व्यक्ति के घर बेटी की शादी थी। कोतवाली क्षेत्र के बालूशासन से बरात गई थी। शादी से पूर्व जलपान और अन्य कार्यक्रम संपंन कराया जा रहा था। उसके बाद भोजन करने की बारी आई। खाना खाने के दौरान घराती और बराती पक्ष के लोगों में काहासुनी हो गई। दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई। मारपीट में दो लोगों को मामूली चोटें आई है। घटना से बरात में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसओ सर्वेश राय ने बताया कि सूचना पर पुलिस ने पहुंच कर दोनों पक्षों को समझा बुझाकर शादी की रस्म संपंन कराई। इस मामले में किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। यदि तहरीर मिलेगी तो जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।