बखिरा में पटाखा फैक्ट्री ेमें लगी आग के बाद जला सामान-संवाद
बखिरा। नगर पंचायत बखिरा में स्थित मेड़रापार में एक पटाखे के कारखाने में सोमवार की रात 11:30 बजे भयंकर विस्फोट हुआ। इससे तैयार पटाखा, कुछ पटाखा बनाने के लिए रखा सामान और 10 बोरी खोल जल कर राख हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि आधा किमी की दूरी तक लोगों ने आवाज सुनी। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। रात में ही एसओ, चौकी इंचार्ज बखिरा व फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच गई और आग पर काबू पाया।
लाइसेंस धारक रामबृक्ष ने बताया कि मेड़रापार में उनकी पटाखे का कारखाना है। सोमवार की रात में वह बखिरा कस्बे में स्थित घर चले गए थे। खाना खाकर सोए ही थे कि एक तेज धमाके की आवाज सुनकर नींद खुल गई। भागकर पटाखा फैक्टरी पहुंचे तो देखा कि तेज विस्फोट होने की वजह से फैक्टरी की दीवारें, टिन शेड सब कुछ ध्वस्त हो गया। फैक्टरी में बिजली का कनेक्शन भी नही है और न कोई बत्ती जलती है। आग कैसे लगी, यह उसे भी समझ नही आ रहा है।
पानी व आग बुझाने वाले सिलिंडर की मदद से आग बुझाने की कोशिश की गई। विस्फोट के कारण दुकान में रखा हुआ दो किलो तैयार पटाखा, पटाखे बनाने का सामान और दस बोरी खोल, सुतली सब कुछ जलकर राख हो गया। इस हादसे में उसे करीब 50 हजार की आर्थिक क्षति हुई है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही बखिरा एसओ राकेश कुमार सिंह, चौकी इंचार्ज बखिरा सुरेंद्र कुमार सिंह और फायर ब्रिगेड प्रभारी अशोक यादव की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। लोगों की मदद से काफी देर बाद आग पर काबू पाया जा सका।
प्रभारी अग्निशमन अधिकारी अशोक यादव ने बताया सूचना मिलने पर वह घटनास्थल पर गए थे। मौके का मुआयना किया गया। विस्फोट के कारण का पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है।