प्राथमिक शिक्षक संघ ने बीएसए का किया घेराव
बच्चों को पुस्तकें न मिलने, रसोइयों का मानदेय भुगतान, प्रमोशन न होनेे, खाद्यान कम मिलने आदि की शिकायत की
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने मंगलवार केे बीएसए का घेराव किया। इस दौरान बच्चों को पुस्तकें ने मिलने, रसोइयों का मानदेय भुगतान, प्रमोशन न होनेे, खाद्यान कम मिलने आदि की शिकायत की। संघ ने बीएसए से जल्द से जल्द समस्याओं के निराकरण की मांग की।
संघ की जिलाध्यक्ष अंबिका देवी यादव ने कहा कि वर्तमान सत्र के तीन बीतने के बाद भी नि:शुल्क पुस्तकों का वितरण अभी तक नहीं हो सका है। बच्चें बिना किताब के स्कूल आ रहे हैं। रसोइयों का मानदेय भी कई माह से लंबित है। विगत कई वर्षों से प्रमोशन न होने के कारण सहायक अध्यापक इंचार्ज प्रधानाध्यापक का कार्य कर रहे हैं। इसलिए प्रमोशन की वरिष्ठता सूची निर्गत की जाए। नवनियुक्त शिक्षकों का सत्यापन कराकर एरियर सूची निर्गत की जाए। कार्यालय के कर्मी शिक्षकों का सत्यापन कराने में लापरवाही बरत रहे हैं। उन्होंने कहा कि कंपोजिट ग्रांट की 50 प्रतिशत धनराशि नहीं मिली है। जिसे तत्काल दिलाया जाए। एमडीएम की तहत मिलने वाले खाद्यान्न की बोरी का वजन कम आता है, इसे मानक के अनुसार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि कोविड काल के दौरान एमडीएम के तहत मिलने वाले कन्वर्जन कास्ट का धन वितरित नहीं किया गया है। जिससे शिक्षकों के सामने परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि अगर उनकी मांगों पर एक सप्ताह में निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष सुयेब अहमद, ओम प्रकाश यादव, केसी सिंह, विजयनाथ यादव, प्रेम प्रकाश दुबे, मोहम्मद आजम खान, अरुण कुमार यादव, बृजभूषण यादव, हरिकेश मिश्र, मोहम्मद शोएब अख्तर, राम निवास, रामसरन यादव, अरुण कुमार मिश्र और धर्मपाल समेत अन्य मौजूद थे।