चार फीडर बंद, 450 गांवों की बिजली गुल
मेंहदावल क्षेत्र के लोग हुए परेशान, आपूर्ति बहाल करने के लिए जूझते रहे विद्युत कर्मी
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। बुधवार की शाम हुई तेज बारिश मेंहदावल क्षेत्र के विद्युत उपभोक्ताओं के लिए मुसीबत बन गई। बारिश के चलते क्षेत्र के चार फीडर ब्रेक डाउन में बंद हो गए। इसके कारण करीब 450 गांवों की बिजली गुल हो गई। उमस भरी गर्मी से परेशान कुछ उपभोक्ता रात्रि में ही मेंहदावल सब स्टेशन पर पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिए। इसके बाद विद्युत कर्मी बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए जूझते नजर आए। सुबह करीब नौ बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई तो उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली।
बुधवार की शाम जिले में मूसलाधार बारिश हुई। इस दौरान मेंहदावल क्षेत्र के नंदौर, लोहरौली, सांथा और कछार फीडर ब्रेक डाउन के चलते बंद हो गया। इसके कारण क्षेत्र के करीब 450 गांवों की बिजली गुल हो गई। क्षेत्र के बेलवा जंगल, पिपरा, बभनी, राजघाट, बेलहरकला, नंदौर, लोहरौली, कडजवनिया आदि गांवों में अंधेरा कायम हो गया। इधर, उमस भरी गर्मी से परेशानी उपभोक्ता हियुवा के जिलाध्यक्ष टुनटुन राय, संतोष पांडेय, पप्पू राय, श्रवण, मनोज मिश्र, आकाश, आशु राय आदि के नेतृत्व में मेंहदावल सब स्टेशन पहुंच गए। करीब डेढ़ बजे तक लोग वहां जमे रहे। इस दौरान लोगों ने हंगामा भी किया। इधर, बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए कर्मचारियों ने मोर्चा संभाला। रात्रि के समय कुछ गांवों की बिजली आपूर्ति बहाल की गई, लेकिन अधिकतर गांवों में अंधेरा छाया रहा। जिसके कारण लोगों की नींद पूरी नहीं हुई। हालांकि, सुबह करीब नौ बजे लोहरौली, कछार और सांथा फीडर से जुड़े गांवों की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई, जबकि नंदौर फीडर से जुड़े गांवों की बिजली आपूर्ति सुबह साढ़े बजे बहाल हो सकी।
अवर अभियंता मेंहदावल राम करन ने बताया कि तेज बारिश के बीच ब्रेड डाउन होने से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई थी। तत्काल आपूर्ति बहाल करने के लिए कर्मचारियों को लगा दिया गया था। कुछ गांवों की आपूर्ति रात्रि में बहाल कर दी गई थी, जबकि सुबह नौ बजे तक सभी फीडर सामान्य रूप से काम करने लगे हैं।