मुकुंदपुर में सड़क पर झूल रहे बिजली के तार।
हरिहरपुर। नाथनगर ब्लाक के मुकुंदपुर गांव में जाने वाली बिजली सप्लाई का तार सड़क पर झूल रहा है। यह सड़क ग्रामीणों का आम रास्ता है जिससे रोजाना कई लोग आते-जाते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि नीचे लटक रहे बिजली के तार से कभी भी कोई अनहोनी हो सकती है।
मुकुंदपुर चौराहे पर लगे ट्रांसफार्मर से गांव को जाने वाली बिजली की सप्लाई के लिए लगा नंगा तार अंबेडकर पार्क के समीप सड़क के ऊपर लटक रहा है। सड़क से महज पांच फीट की ऊंचाई पर लटक रहे तार से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। ग्रामीण और उनके रिश्तेदार देर सबेर इसी सड़क से आते जाते हैं।
लोगों ने बताया कि बिजली का तार करीब छह महीने से लटक रहा है। लेकिन निगम के जिम्मेदार इसकी अनदेखी कर रहे हैं।
ग्रामीण राम आसरे, चंद्रभान, लोरिक, गौरी शंकर, शिव नरायन, अमृत लाल आदि लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में लटक रहे बिजली के तार से कभी भी कोई दुर्घटना हो सकती है।
लोगों ने निगम के जिम्मेदारों से तार शीघ्र ठीक करने की मांग की है।