धनघटा। महुली थाना क्षेत्र के सिक्टहा गांव निवासी पुरुषोत्तम पाल (60) की मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मालूम नहीं हो सकी। इससे उनका विसरा प्रिजर्व कर दिया गया है। अब जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि उनकी मौत की असली वजह क्या रही।
महुली थाना क्षेत्र के सिक्टहा गांव निवासी पुरुषोत्तम पाल तीन दिन से घर से लापता थे। उनके लापता होने का कारण उनके पुत्र गौरव पाल महुली पुलिस द्वारा एक मुकदमे में दबाव बनाना बता रहे हैं। फिलहाल घर से निकलने का कारण उनके जो कुछ भी हों लेकिन धनघटा में उनका शव जिन परिस्थितियों में एक होटल के टेबल पर पाया गया, इससे प्रतीत होता है कि उनकी मौत का कारण कुछ और ही है। शुक्रवार की सुबह करीब 10:00 बजे पुरुषोत्तम पाल कहां से उस होटल पर पहुंचे, इसकी जानकारी पुलिस जुटा रही है।
हालांकि कुछ लोग पुरुषोत्तम पाल की मौत का कारण दिल का दौरा बता रहे हैं तो दूसरी तरफ जहरखुरानी की भी चर्चा है। सभी को उम्मीद थी कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुरुषोत्तम पाल की मौत के कारण का पता चल जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हो सका। थाना प्रभारी दिलीप सिंह ने बताया कि पुरुषोत्तम पाल के शव का पोस्टमार्टम के बाद डॉक्टर ने विसरा प्रिजर्व कर दिया है। इसकी जांच गोरखपुर में होगी। जांच के बाद ही उनकी मौत के कारणों का पता चल सकेगा।